गैस सिलेंडर से टैक्स हटाए प्रदेश सरकार
भास्कर संवाददाता - नागदा
प्रदेश में देश भर में सबसे महंगा घरेलू गैस सिलेंडर मिलने पर कांग्रेस ने विरोध जताया है। पूर्व विधायक दिलीपसिंह गुर्जर ने मीडिया से चर्चा में बताया कि जनता से लोकलुभावन बातें करने वाली शिवराज सरकार पाखंडी है। गुर्जर ने कहा कि प्रति सिलेंडर 5 प्रतिशत वैट व 2 प्रतिशत इंट्री टैक्स वसूलने से उपभोक्ताओं पर 90 रुपए की सीधी मार पड़ रही है। इस मान से साल में 1 हजार रुपए प्रत्येक गैस उपभोक्ता से लूटे जा रहे। देश के 11 राज्यों में सिलेंडर पर किसी प्रकार का टैक्स नहीं है। ऐसे में प्रदेश सरकार को जल्द ही टैक्स में कटौती कर महंगाई से राहत देना चाहिए।
12 सिलेंडर के निर्णय का स्वागत- इस दौरान केंद्र सरकार द्वारा साल में 9 की बजाए 12 सिलेंडर देने के निर्णय का स्वागत करते हुए गुर्जर ने कहा कि इससे मध्यमवर्गीय उपभोक्ता को ब्लैक में सिलेंडर खरीदने से निजात मिलेगी। कालाबाजारी पर भी रोक लगेगी।