- Hindi News
- दिन में ३ तो रात को ४ डिग्री लुढ़का पारा
दिन में ३ तो रात को ४ डिग्री लुढ़का पारा
भास्कर संवाददाता - शाजापुर
शीत ऋतु में बदले मौसमी मिजाज ने एक बार फिर शहरवासियों को तरबतर होने के साथ शीतलहर से जूझने पर मजबूर कर दिया। आसमान में घुमड़कर छाए बादल मंगलवार को रात में तो जमकर बरसे ही, बुधवार को भी दिनभर रुक-रुककर बूंदाबांदी का सिलसिला चलता रहा।
सुबह से देररात तक चली ठंडी हवा के कारण लोग गर्म कपड़ों में दुबकने के बाद भी ठिठुरते रहे। पूरे दिन हाईवे से लेकर शहर के गली-चौराहों और सरकारी महकमों में अलाव जलते रहे। मौसम विभाग की मानें तो मौसम की स्थिति आगामी कुछ दिनों में भी ऐसी ही रहेगी। मंगलवार को दिन में हल्की मावठे की बारिश ने मौसम में खासी ठंडक घोल दी थी। वहीं देररात 12 बजे के बाद भी काफी देर तक तेज बारिश का सिलसिला चलता रहा। मौसम विभाग ने मंगलवार रात में कुल ४ मिमी बारिश होना दर्ज की। इधर, बुधवार को भी अलसुबह से ही आसमान में काले बादलों का जमावड़ा रहा। दोपहर करीब १२.३० बजे से बूंदाबांदी शुरू हुई, जो कुछेक मिनट तेज गति से भी हुई। बारिश थमने के बाद वातावरण में ६ किमी/घंटे की रफ्तार से शीतलहर चलना शुरू हो गई। शाम होते-होते इस बीच एक-दो बार फिर से बूंदाबांदी हो गई। रात तक मौसम बारिश का ही रहा। क्षेत्र के कुछ किसानों की फसलों पर भी बारिश का आंशिक प्रभाव पड़ा।
तापमान में फिर आया बदलाव- मौसम के इस बिगड़ैल रवैये से तापमान भी एक बार फिर बदला। मौसम विभाग ने बुधवार को अधिकतम तापमान १७.०७ डिसे व न्यूनतम तापमान १४.०३ डिसे दर्ज किया। तापमान के यही आंकड़े मंगलवार को क्रमश: २०.०६ व १८.०० डिसे थे। अधिकतम तापमान ३ डिग्री तो न्यूनतम तापमान ४ डिग्री तक लुढ़का।
आगे क्या- मौसम विशेषज्ञ सत्येंद्र धनौतिया के मुताबिक आने वाले एक-दो दिन और मौसमी मिजाज ऐसे ही रहेंगे। बूंदाबांदी और हल्की बारिश की संभावना है। इसके बाद मौसम खुलने लगेगा।
बारिश के हाल: एक नजर में
मंगलवार रात हुई बारिश- ४ मिमी
बुधवार को इतनी गति से चली शीतलहरें-
६ किमी/घंटा
अधिकतम पारा लुढ़का- ३.३ डिग्री
न्यूनतम पारा लुढ़का- ३.९७ डिग्री
आगे क्या-
बारिश की पूरी संभावना
बूंदाबांदी में निकाली छतरी।
दोपहर में ही अलाव तापते रहे शहरवासी।