- Hindi News
- सर्वे रिपोर्ट का खुलासा जनता के बीच करें
सर्वे रिपोर्ट का खुलासा जनता के बीच करें
भास्कर संवाददाता - आगर-मालवा
बंद हो चुकी उज्जैन-रामगंज मंडी रेलसेवा की बहाली की मांग तेज होने पर बुधवार को क्षेत्र के सांसद सज्जनसिंह वर्मा ने रेलवे बोर्ड के चेयरमैन अरुणेंद्र कुमार से नई दिल्ली स्थित उनके कार्यालय में मुलाकात की। सांसद ने उन्हें बोर्ड द्वारा किए गए सर्वे का खुलासा जनता के बीच जाकर करने के संबंध में एक पत्र भी सौंपा है।
सांसद वर्मा ने बताया कि उज्जैन-आगर-रामगंज मंडी रेल सेवा पुन: प्रारंभ किए जाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा सर्वे के आदेश दिए गए थे। इस पर रेलवे बोर्ड ने सर्वे कार्य पूर्ण भी कर लिया है। सर्वे की रिपोर्ट से जनता को अवगत कराने और उस सर्वे रिपोर्ट में जनता के सुझाव सम्मिलित करने के लिए बुधवार को बोर्ड के चेयरमैन से चर्चा कर मांगपत्र सांैपा गया है। जिसमें किए गए सर्वे की रिपोर्ट की पूर्ण जानकारी सर्वे टीम द्वारा जल्द ही जनता के समक्ष रखी जाकर सुझाव लिए जाने का आश्वासन भी अरुणेंद्र कुमार ने दिया है। सांसद ने बताया कि यह क्षेत्र अजा/अजजा बाहुल्य है और रेलसेवा प्रारंभ किए जाने के लिए केंद्र सरकार की प्राथमिकताओं में भी यह क्षेत्र पूर्ण रूप से आता है। इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही रेलसेवा प्रारंभ किए जाने की स्वीकृति केंद्र सरकार से प्राप्त हो जाएगी।
सांसद ने किया था जनता से वादा- लोकसभा चुनाव के पूर्व सांसद वर्मा ने इस रेलसेवा को शुरू किए जाने का वादा जनता से किया था। जनता ने भी इस वादे पर सांसद सज्जनसिंह वर्मा को अपना मत देकर संसद में पहुंचाया था। लेकिन सांसद द्वारा जनता से किया यह वादा अब तक सिर्फ चुनावी वादा ही बना हुआ है। अब तक रेलवे लाइन को प्रारंभ करने के लिए मात्र सर्वे कार्य पूरा होने की ही जानकारी सामने आ रही है। सर्वे के बाद रेलसेवा पुन: शुरू किए जाने की प्राथमिक कार्रवाई अब तक शुरू नहीं हो पाई है। इसके कारण रेलसेवा पुन:शुरू होने में अभी भी संशय है।
आपातकाल के दौरान छीन ली थी रेलसेवा- आजादी के पूर्व भारत में संचालित चुनिंदा रेल लाइनों के साथ उज्जैन-आगर नैरोगेज रेल लाइन को 15 मार्च-1932 को प्रारंभ किया गया था। लेकिन देश में लगे आपातकाल के दौरान यह सेवा क्षेत्रवासियों से छीन ली गई। तब से अब तक क्षेत्रवासी पुन: रेलसेवा बहाली की मांग करते आ रहे हैं। जिला बनने के बाद अब रेलसेवा बहाली की मांग जोर पकडऩे लगी है। क्षेत्रवासियों ने कई अवसरों पर वरिष्ठ राजनीतिज्ञ और प्रशासनिक अधिकारियों को भी ज्ञापन सौंपे। बावजूद, कोई सकारात्मक पहल शासन-प्रशासन नहीं कर सका है।
॥क्षेत्रवासियों को रेलसेवा से जोडऩे के लिए उज्जैन-रामगंज मंडी रेल लाइन का सर्वे पूर्ण हो चुका है। जल्द ही सर्वे टीम यहां पहुंचकर जनता से सुझाव लेकर सर्वे रिपोर्ट सार्वजनिक करेगी। इसके लिए रेलवे बोर्ड चेयरमैन को पत्र सौंपा गया है।ञ्जञ्ज
सज्जनसिंह वर्मा, सांसद
पत्र सौंपते सांसद।