पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • बस चालकों की मनमानी से यात्रियों की परेशानी

बस चालकों की मनमानी से यात्रियों की परेशानी

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता - शाजापुर
शहर से अन्य शहर व गांवों की ओर जाने वाली बसों में इन दिनों यात्रियों के बुरे हाल हैं। मुंहमांगा किराया चुकाने के बाद भी उन्हें बैठने के लिए सीट तक नहीं मिल पाती। सुरक्षा की तो बिलकुल गारंटी नहीं है। यात्रियों की जान की बाजी लगाकर चालक वाहनों को ओवरटेक करने से नहीं चूकते। इधर, जिम्मेदारों का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ाकर यात्रियों की जान के साथ खिलवाड़ करने वाले बस चालकों पर आज तक न तो पुलिस ने कार्रवाई की और न ही प्रशासनिक स्तर पर। ऐसे में बस संचालकों के हौसले दिनोंदिन बढ़ते जा रहे हैं।
परमिट लेते समय सारी शर्तों को पूरा करने का भरोसा दिलाने वाले बस संचालक इन दिनों यात्रियों की जान से खिलवाड़ करने लगे हैं। शहर से संचालित होने वाली एक भी बस में यात्रियों की सुविधा के लिए कुछ भी नहीं है। क्षमता से अधिक सवारी बैठाने के कारण ज्यादातर यात्रियों को सीट नहीं मिल पाती। ऐसे में खड़े-खड़े ही सफर तय करना पड़ता है। इधर, बस चालक को भी यात्रियों की सुरक्षा से कोई सरोकार नहीं है। तय समय पर बस पहुंचाने के चक्कर में चालकों को न तो सड़क के गड्ढे दिखाई देते हैं और न ही सामने से आ रहा वाहन। तेज रफ्तार से ओवरटेक कर वाहन आगे निकालने के चक्कर में कई बाद दुर्घटनाएं भी हो चुकी है। बुधवार को भी नैनावद के समीप घाटी पर ऐसा ही हुआ। बस चालक की लापरवाही के चलते दुर्घटना हो गई। गनीमत रही कि कोई अनहोनी नहीं हुई।
यात्रियों से भी अभद्रता -नियमों को ताक में रख सरपट वाहन दौड़ाने वाले बस संचालकों का यात्रियों के साथ भी व्यवहार ठीक नहीं रहता। क्षमता से ज्यादा सवारी बैठाते समय कई बार यात्रियों को पीछे धकियाते समय बस परिचालक यात्रियों के साथ अपशब्दों का प्रयोग करते हैं।
ताक में सारे नियम -बस संचालकों के लिए वैसे तो परिवहन विभाग ने कई नियम बना रखे हैं। लेकिन सारे नियम बस संचालकों ने ताक में रख दिए। यही वजह है कि कई बार सूचना देने के बाद भी बस संचालकों ने बस के सामने कांच पर न तो रूट चार्ट चस्पा किया और न ही फिटनेस, बीमा व किराया सूची।
इन रूटों पर ज्यादा परेशानी -ग्रामीण रूट पर चलने वाली बसों में खुलेआम यात्रियों के साथ खराब बर्ताव होता है। खासकर बेरछा रूट पर सफर करना यात्रियों के लिए परेशानी भरा है। मनमाना किराया वसूलने और सीट नहीं मिलने की बात पर आए दिन विवाद की स्थिति बनती है। साथ ही दुपाड़ा रोड, शाजापुर से सोनकच्छ, शाजापुर से शुजालपुर, अकोदिया, गुलाना, कालीसिंध रूट, सारंगपुर के रास्ते मो. बड़ोदिया व आगर की ओर जाने वाली बसों में यह दिक्कत है।



॥बस संचालकों की मनमानी बिलकुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बस संचालन के दौरान लापरवाही करने वालों पर जल्द ही कार्रवाई करेंगे।ञ्जञ्ज

शैलेंद्र निगम, जिला परिवहन अधिकारी

सीट मिलना तो दूर खड़े रहने के लिए भी जगह नहीं होती।

रूट चार्ट न फिटनेस और किराए की सूची भी नहीं।

॥वाहनों में ओवरलोडिंग करने वालों के खिलाफ समय-समय पर कार्रवाई की जाती है। यदि दोबारा ऐसी स्थिति बन रही है तो संबंधितों पर फिर कार्रवाई कर समझाइश देंगे।ञ्जञ्ज

एन.के. सूर्यवंशी, टीआई, सुसनेर