पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • पुलिया के नीचे सीमेंट पाइप में फंसी नीलगाय

पुलिया के नीचे सीमेंट पाइप में फंसी नीलगाय

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सूचना पर पहुंची शाजापुर-उज्जैन
वन विभाग की टीम
भास्कर संवाददाता - शाजापुर
समीपस्थ ग्राम करेड़ी के पास बुधवार-गुरुवार देर रात दो नीलगाय आपस में लड़ते हुए नहर की पुलिया के नीचे स्थित सीमेंट पाइप में जा फंसी। गायों की आवाज गुरुवार अलसुबह जब ग्रामीणों ने सुनी तो बड़ी संख्या में ग्रामीण हालात जानने पुलिया पर पहुंचे।
एक गाय को तो ग्रामीणों ने ही रस्सा बांधकर निकाल दिया। जबकि ज्यादा गहराई में फंसी दूसरी नीलगाय को घंटों मशक्कत के बाद शाजापुर-उज्जैन वन विभाग की टीम को जेसीबी से पुलिया के एक हिस्से की दीवार तुड़वाकर निकालना पड़ा। दोनों गायों के सुरक्षित निकलने से ग्रामीणों और टीम सदस्यों ने राहत की सांस ली। गनीमत रही कि पुलिया में पानी नहीं था, वरना दोनों नीलगाय की मौत हो जाती।
शाजापुर वन विभाग के वनरक्षक ललित उपाध्याय ने बताया देवास वनक्षेत्र से घूमते हुए ये दोनों नर नीलगाय उज्जैन जिले के करेड़ी ((शाजापुर से समीपस्थ)) क्षेत्र में पहुंची थी। संभवत: बुधवार-गुरुवार देर रात दोनों में लड़ाई हुई होगी। लड़ते-लड़ते रामपुरा मेवासा ग्राम के रास्ते पर सूखी पड़ी नहर की पुलिया से सटे सीमेंट पाइप के एक बड़े खुले छेद वाले हिस्से से गायें नीचे गिरी और पुलिया के ठीक नीचे स्थित सीमेंट पाइप में फंस गईं। सुबह 10 बजे शाजापुर टीम पहुंची, इसके पहले ग्रामीण पाइप में कम गहराई में फंसी एक गाय को रस्सा बांधकर निकाल चुके थे। जबकि दूसरी गाय पाइप की ज्यादा गहराई में फंसने से निकल नहीं पाई। वनरक्षक उपाध्याय ने बताया पाइप में फंसी गाय का मुंह अंदर की तरफ होने से वह निकल नहीं पा रही थी। अन्य व्यवस्थाएं काम न आते देख तुरंत जेसीबी को बुलवाई गई। जेसीबी से एक हिस्से की ऐरन की दीवार तोडऩे के बाद जैसे ही रास्ता बना, अंदर फंसी घायल नीलगाय तेजगति से बाहर निकलकर भागी।
शाजापुर वन विभागीय टीम के वनरक्षक ललित उपाध्याय, वनपाल नवनीत चौहान, प्रेमनारायण परमार, शफीउद्दीन कुरैशी, सीताराम तिवारी, तेजूलाल मालवीय तथा उज्जैन से पहुंची टीम के घनश्याम शेंबेकर, नागूलाल मालवीय सहित दो अन्य सदस्यों ने पाइप में फंसी नीलगाय को निकालने सहयोग दिया।



एक छोर से निकालने की कवायद करते विभागीय टीम सदस्य व ग्रामीण।



कुछ इस तरह पाइप में फंसी नीलगाय।