पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • कार्रवाई के विरोध में डॉक्टरों ने सौंपा ज्ञापन

कार्रवाई के विरोध में डॉक्टरों ने सौंपा ज्ञापन

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
आगर-मालवा - सिवनी जिले के लखनादौन सिविल अस्पताल में गत दिनों एक व्यक्ति की मौत के कारण चिकित्सक एवं पैरा मेडिकल स्टाफ के विरुद्ध की गई एफआईआर निरस्त करने एवं दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर गुरुवार को सिविल अस्पताल आगर के चिकित्सक एवं स्टाफ सदस्यों ने गृहमंत्री के नाम ज्ञापन कलेक्टर डी.डी. अग्रवाल को सौंपा।
ज्ञापन में बताया कि 21 जनवरी को एक मरीज की उपचार के दौरान मृत्यु हो जाने पर चिकित्सक ज्योतिबाला पंधे तथा स्टाफ नर्स को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ गैर इरादतन हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया। इस घटना का विरोध जताकर चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मचारी संयुक्त मोर्चा मांग करता है कि दर्ज एफआईआर को तत्काल निरस्त कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इस अवसर पर बीएमओ डॉ. जे.सी. परमार, डॉ. राजीव बरसेना, डॉ. संदीप नाहटा, डॉ. अजय दिवाकर, डॉ. आरती परमार, डॉ. अदिति सिंह सहित अस्पताल स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।
सुसनेर में हड़ताल से मरीज हुए परेशान
सुसनेर - सिवनी जिले के लखनादौन सिविल अस्पताल में 21 जनवरी को हुई एक मरीज की मौत के कारण चिकित्सक व पैरामेडिकल स्टाफ सदस्य के खिलाफ की गई एफआईआर निरस्त कराने तथा दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर गुरुवार को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर डॉक्टरों सहित स्टाफ सदस्य ने हड़ताल की। हड़ताल के कारण मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। निजी अस्पतालों में मरीजों की खासी भीड़ रही। हालांकि शाम 6 बजे हड़ताल खत्म होने के बाद डॉक्टरों ने मरीजों का इलाज करना शुरू किया, तब जाकर मरीजों को राहत मिली। उक्त मांग डॉ. डी.एस परमार, डॉ. जितेंद्र सूर्यवंशी, डॉ. अखिलेश बागी सहित अस्पताल व पैरामेडिकल स्टाफ सदस्यों ने की है।