लोडिंग वाहन पलटा, तीन घायल
शाजापुर. हाईवे स्थित बापू की कुटिया के समीप गुरुवार देरशाम करीब सात बजे सीमेंट की बोरियां भरकर शाजापुर से चिड़ावद जा रहा एक लोडिंग वाहन स्टेयरिंग फेल होने से पलट गया। इससे उसमें सवार शादाब ((२०)), पप्पू ((२०)) व पप्पू पटेल ((२१)) घायल हो गए। सूचना पर शाजापुर १०८ एम्बुलेंस के ईएमटी मनोज परमार व पायलेट मुकेश गवली घटनास्थल पर पहुंचे। घायलों को प्राथमिक उपचार देकर जिला अस्पताल में लाया गया।
मेडिकल ऑफिसर एसोसिएशन ने जताया विरोध
शाजापुर. सिवनी जिले के लखनादौन में २१ जनवरी को एक मरीज की उपचार के दौरान हुई मौत के मामले में एक डॉक्टर व स्टाफ नर्स को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ गैर इरादतन हत्या का प्रकरण बनाने की घटना पर गुरुवार को मेडिकल ऑफिसर एसोसिएशन सदस्यों ने भी विरोध जताया। एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. एस.डी. जायसवाल ने बताया घटना के विरोधस्वरूप सुबह १० से ११ बजे तक सांकेतिक रूप से काम बंद रखा गया। वहीं गृहमंत्री कार्यालय पर भी ज्ञापन ई-मेल किया गया।
कलेक्टर गुप्ता होंगे सम्मानित
शाजापुर. विधानसभा चुनाव के दौरान शाजापुर जिले में सर्वाधिक मतदान होने पर कलेक्टर प्रमोद गुप्ता को राज्यपाल और प्रमुख सचिव सम्मानित करेंगे। कलेक्टर को सम्मानित करने का यह कार्यक्रम २५ जनवरी की सुबह ११ बजे भोपाल के सुभाष स्कूल में होगा। विधानसभा चुनाव के दौरान शाजापुर जिले में ८१.४५ प्रतिशत मतदान हुआ था, जो प्रदेश के अन्य जिलों की तुलना में सर्वाधिक है।
प्रभारी मंत्री जैन आज शाजापुर आएंगे
जिला योजना समिति की बैठक एवं जनता दरबार होगा
शाजापुर. प्रदेश के स्कूली शिक्षा मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री पारस जैन गुरुवार को शाजापुर आएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रभारी मंत्री जैन की उपस्थिति में सुबह 10 से 11.30 बजे तक शाजापुर सर्किट हाउस पर जनता दरबार का आयोजन होगा। इसमें कार्यकर्ताओं एवं आमजन से प्रभारी मंत्री मुलाकात करेंगे। जिला अधिकारियों को भी इस अवसर पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। इसके पश्चात प्रभारी मंत्री दोपहर 12 बजे जिला योजना समिति की बैठक कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में लेंगे।
नपा ने किया विधायक भीमावद का स्वागत
शाजापुर. कांग्रेस के कब्जे वाली शाजापुर विधानसभा सीट पर जीत हासिल करने वाले विधायक अरुण भीमावद का गुरुवार को नगर पालिका में स्वागत किया गया। नपाध्यक्ष प्रदीप चंद्रवंशी, नपा उपाध्यक्ष रेखा मीणा, सीएमओ विद्याशंकर चतुर्वेदी सहित पार्षदगण मौजूद थे।