राजस्थानी शैली में बनेगा स्वागत द्वार
शाजापुर. ट्रैफिक पाइंट से जैसे ही शहर में प्रवेश करते हैं वहां पर नगरपालिका द्वारा राजस्थानी स्थापत्य शैली से अलंकृत विशाल स्वागत द्वार बनाया जाएगा। नपा ने स्वागत द्वार बनाने के लिए एस्टीमेट बनवा लिया है। स्वागत द्वार बनाने के लिए राजस्थान के कारीगरों को मौका-मुआयना भी करवा दिया गया है। नपा के अनुसार यह स्वागत द्वार शहर का आइकॉन बनेगा। द्वार बनाने के लिए राजस्थान के बंशी पहाड़ से पत्थर लाया जाएगा। नपा अध्यक्ष प्रदीप चंद्रवंशी के अनुसार शीघ्र ही स्वागत द्वार का निर्माण शुरू कराया जाएगा। इसके लिए राजस्थान के कुशल कारीगरों को बुलाया जाएगा।
प्रोजेक्ट डायरेक्टर ने किया केवीके का निरीक्षण
शाजापुर. गिरवर स्थित कृषि विज्ञान केंद्र के प्रोजेक्ट डायरेक्टर डॉ. अनुपम मिश्रा शुक्रवार को जबलपुर स्थित मुख्य सेंटर से गिरवर स्थित के.वी.के. पहुंचे। यहां उन्होंने के.वी.के. की गतिविधियों की जानकारी ली। जिन गांवों को कार्ययोजना के तहत गोद लिया गया है, उनके किसानों से चर्चा की। खेती को किस तरह लाभकारी बनाया जाए, इसके टिप्स किसानों को दिए। के.वी.के. के कृषि वैज्ञानिक डॉ. जी.आर. अंबावतिया सहित स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
बाल चौपाल कार्यक्रम आयोजित
शाजापुर. लालघाटी स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के आंगनवाड़ी केंद्र पर शुक्रवार को बाल चौपाल कार्यक्रम आयोजित किया गया। केंद्र पर उपस्थित बालिकाओं, किशोरी बालिकाओं को विभागीय सदस्यों ने महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए।
छात्रों के साथ निकाली प्रकृति दर्शन यात्रा
शाजापुर. शाबाउमावि क्र-2 स्कूल के विद्यार्थियों के साथ मिलकर इको क्लब के बैनर तले प्रकृति दर्शन यात्रा निकाली गई। साइकिल से छात्र व क्लब सदस्य कुछ प्राकृतिक स्थलों पर पहुंचे और छात्रों को वहां की महत्ता से अवगत कराया।
बैठक में लिए निर्णय
कानड़. माताजी रोड स्थित मांगलिक भवन में चंद्रवंशी खाती समाज की बैठक हुई। इसमें सैकड़ों समाजजन ने भाग लिया। इस दौरान समाज के कार्यक्रमों को लेकर कई निर्णय लिए गए।
न्यूज़ इनबॉक्स