गीला मैदान फिर भी नहीं डिगा हौसला
भास्कर संवाददाता. शाजापुर
दुपाड़ा रोड स्थित स्टेडियम में शुक्रवार सुबह 26 जनवरी को आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह के लिए अंतिम रिहर्सल की गई। गुरुवार रात बारिश के कारण गीला मैदान भी गणतंत्र के जश्न की तैयारी करने वालों का हौसला नहीं डिगा सका। अंतिम रिहर्सल में मुख्य समारोह जैसी झलक दिखी।
स्टेडियम ग्राउंड पर अंतिम रिहर्सल की शुरुआत सुबह 8.45 बजे से हुई। तैयारियों का जायजा लेने कलेक्टर डॉ. प्रमोद गुप्ता, एसपी संजय तिवारी, एसडीएम लक्ष्मी गामड़, तहसीलदार प्रकाश कस्बे विशेष रूप से उपस्थित रहे। परेड निरीक्षण प्रक्रिया के बाद ठीक 9 बजे पुलिस बैंड की धुन पर प्लाटून कमांडरों के नेतृत्व में सदस्य सीना तानकर मार्चपास्ट करने निकले। टै्रक से गुजरते समय सीना ताने पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी व स्काउट गाइड जवानों की परेड आकर्षण का केंद्र थी। परेड के बाद अधिकारियों ने प्लाटून कमांडरों से परिचय प्राप्त किया। स्कूली छात्रावास के बच्चों ने पीटी व डंबल्स का प्रदर्शन किया। उपस्थितों द्वारा वाद्ययंत्रों की धुन पर मप्र गान के बाद बारी आई सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों का जायजा लेने की। बारी-बारी से नगर के एम.जी. कॉन्वेंट, सरस्वती विद्या मंदिर, एमएलबी गल्र्स स्कूल के छात्र-छात्राओं ने समूह नृत्य की प्रस्तुतियां देकर समा बांधा। संगतकारों ने वाद्ययंत्रों पर उनका साथ दिया।
पहली बार नि:शक्त बच्चे भी
देंगे सशक्त प्रस्तुति
जिला मुख्यालय के गणतंत्र दिवस समारोह में इस वर्ष पहली बार शारीरिक व मानसिक रूप से नि:शक्त बच्चे भी सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति देंगे। कई दिनों से तैयारी कर रहे नवज्योति विशेष विद्यालय के इन बच्चों ने शुक्रवार को समारोह के लिए हुई अंतिम रिहर्सल में समूह नृत्य की सशक्त प्रस्तुति भी दी।
झांकियां रहेंगी आकर्षण का केंद्र
इस बार भी गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में स्टेडियम ग्राउंड पर विभिन्न विभागों की योजना आदि को दर्शाती झांकियां निकलेंगी। ये झांकियां विशेष संदेश देने के साथ सबके आकर्षण का केंद्र भी रहेंगी।
कालापीपल में भी हो रही तैयारियां
कालापीपल - गणतंत्र दिवस मुख्य समारोह को लेकर नगर के सभी शासकीय-अशासकीय स्कूलों में पूर्वाभ्यास किया जा रहा है। नगर के उत्कृष्ट विद्यालय में पहली बार प्रभातफेरी घोष के साथ निकाली जाएगी। इसके लिए शुक्रवार को बच्चों ने पूर्वाभ्यास किया। गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह इसी विद्यालय के खेल मैदान पर होगा। यहां सभी शासकीय-अशासकीय स्कूलों के बच्चे सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देंगे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम की तैयारी करते बच्चे।