पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • मतदान का अधिकार पाने बढ़ा रुझान

मतदान का अधिकार पाने बढ़ा रुझान

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता - शाजापुर
आज राष्ट्रीय मतदाता दिवस है। बीते विधानसभा चुनाव में जिले में सर्वाधिक 81.45 प्रतिशत मतदान ने मतदाताओं की जागरूकता को तो स्पष्ट कर ही दिया है। वहीं जिले में मतदाता सूची में नाम जुड़वाकर मतदान का अधिकार पाने रहवासियों का रुझान पहले से और भी बढ़ा है। शायद इसका परिणाम है कि 16 दिसंबर-13 के बाद से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने 12 हजार से भी अधिक लोगों ने प्रपत्र भरे हैं। 31 जनवरी-14 को अंतिम प्रक्रिया के तहत जो सूची सामने आने वाली है, उसमें तीनों विधानसभा क्षेत्रों में ही हजारों नए मतदाताओं का नाम शामिल होगा।
आगर जिला बनने के बाद शाजापुर जिले में अब शाजापुर, शुजालपुर व कालापीपल के रूप में मात्र तीन विधानसभा क्षेत्र हैं। जिला निर्वाचन कार्यालय के मुताबिक तीनों विस क्षेत्रों की मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए हजारों लोगों ने प्रपत्र-6 भरकर जमा किया है। नाम जुडऩे की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है। 16 दिसंबर 13 को मतदाता सूची प्रारूप प्रकाशन के बाद 31 जनवरी 14 को सूची का अंतिम प्रकाशन होगा। नाम जुड़वाने-कटवाने, दावे-आपत्ति आदि प्रक्रिया के बाद आंकड़ों पर नजर दौड़ाएं तो शाजापुर विस क्षेत्र में करीब 5034, शुजालपुर में 3436 व कालापीपल में 4396 नए मतदाता जुड़ेंगे। इस तरह 16 दिसंबर से 31 जनवरी के बीच करीब डेढ़ माह में ही जिले को 12,866 नए मतदाता मिलेंगे।
आज गांधी हॉल में होगा कार्यक्रम- राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर 25 जनवरी, शनिवार को जिला निर्वाचन कार्यालय के बैनर तले सुबह 11 बजे गांधी हॉल में कार्यक्रम होगा। मुख्य अतिथि बीएसएनएल के टीडीएम एम.के. माहेश्वरी होंगे। अध्यक्षता एसपी संजय तिवारी द्वारा की जाएगी। कार्यक्रम में नए मतदाताओं को इपिक कार्ड देने के साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वालों को पुरस्कृत भी किया जाएगा।