तैयारियां पूर्ण, बच्चों की रिहर्सल
भास्कर संवाददाता - आगर-मालवा
गणतंत्र दिवस की तैयारियों को शुक्रवार को अंतिम रूप दिया गया। मुख्य समारोह स्थल स्टेडियम मैदान पर कलेक्टर डी.डी. अग्रवाल की उपस्थिति में तैयारियों की रिहर्सल की गई। रिहर्सल के दौरान कलेक्टर अग्रवाल ने परेड की सलामी भी ली। बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी।
आगर में 26 जनवरी का मुख्य समारोह जिला स्तर का होने के कारण कार्यक्रम को लेकर प्रशासन सक्रिय है। इस दिन होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की जहां तीन बार चयन प्रक्रिया हुई, वहीं चयनित कार्यक्रमों की शुक्रवार को रिहर्सल भी की गई। रिहर्सल के दौरान पहले कलेक्टर ने परेड की सलामी ली। उसके बाद चयनित कार्यक्रम में बच्चों ने देशभक्ति और धार्मिक गीतों पर रंगारंग प्रस्तुति दी। इस अवसर पर अपर कलेक्टर अशोक वर्मा, एसपी आर.आर. सिंह परिहार, एएसपी महावीर मुजाल्दे सहित नगर के स्कूलों से आए स्टाफ और बच्चे उपस्थित रहे।
ध्वजारोहण कर कलेक्टर लेंगे परेड की सलामी
गणतंत्र दिवस पर मुख्य कार्यक्रम स्थल दशहरा मैदान स्थित स्टेडियम मैदान पर सुबह 9 बजे कलेक्टर अग्रवाल ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे। अपर कलेक्टर वर्मा ने बताया कि मार्च पास्ट निरीक्षण के बाद स्कूली बच्चों के चयनित 6 सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। उसके बाद पीटी का प्रदर्शन होगा। समारोह स्थल पर शासन की योजना और देशभक्ति से ओतप्रोत 9 झांकियां भी सजाई गई हैं, जिसका प्रदर्शन किया जाएगा। राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर शहर का नाम गौरवान्वित करने वाली प्रतिभाओं के साथ आगर जिला बनाने सहित अन्य शहर विकास की गतिविधियों में आगे रहने वाले लोगों और गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों का सम्मान भी इस दिन मंच से किया जाएगा।
कार्यक्रम की रिहर्सल में प्रस्तुति देते स्कूली बच्चे।
स्टेडियम मैदान पर होगा गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह