- Hindi News
- विधायकों ने उठाया मुद्दा जानकारी नहीं देते अफसर
विधायकों ने उठाया मुद्दा- जानकारी नहीं देते अफसर
भास्कर संवाददाता - शाजापुर
प्रदेश के स्कूली शिक्षा मंत्री एवं शाजापुर जिले के प्रभारी मंत्री पारस जैन ने शुक्रवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला योजना समिति की बैठक में शासकीय योजनाओं की समीक्षा की। सरकार गठन के बाद पहली बार हुई बैठक हंगामेदार रही। जनप्रतिनिधियों ने एक-एक करके अफसरों की गड़बड़ी और मनमानियों को गिनाया।
बैठक में कुछ इस तरह का नजारा रहा कि बार-बार अधिकारियों को प्रभारी मंत्री ने आड़े हाथों लेना पड़ा। अंतत: मंत्रीजी को कहना पड़ा कि कार्य में गड़बड़ी करने वाले अधिकारी को खामियाजा भुगतना होगा। बैठक में जिले के विधायक एवं भाजपा जिला अध्यक्ष अरुण भीमावद, कालापीपल विधायक इंदरसिंह परमार, शुजालपुर विधायक जसवंतसिंह हाड़ा ने जब-जब एक-एक अधिकारी की हकीकत बयां करना शुरू किया तो बैठक का दृश्य ही बदल गया। विधायकों ने कहा आधे से ज्यादा विभागीय अफसर शासकीय योजनाओं के बारे में जानकारी ही नहीं दे रहे हैं। खासकर उद्यानिकी विभाग, कृषि विभाग, पीएचई, पीआईयू, लोक निर्माण विभाग, आरईएस के बारे में शिकायतें हुईं।
विधायक परमार ने कालापीपल और रनायल सहित अन्य पेयजल योजनाओं का मुद्दा उठाया। इस पर पीएचई के ईई को फटकार लगाई। प्रभारी मंत्री ने कालापीपल सीसी रोड की मरम्मत के संबंध में कहा जब तक कार्य नहीं हो, ठेकेदार को भुगतान नहीं करें। विधायक ने बिजली कंपनी की अनियमितताओं को उजागर किया। प्रभारी मंत्री ने संबंधित इंजीनियर को हटाने के निर्देश दिए। विधायक हाड़ा ने बताया आरईएस के प्रथम चरण की सड़कें बेहद घटिया हैं। प्रभारी मंत्री ने तत्काल जांच कर सुधार के निर्देश दिए। साथ ही ठेकेदारों को ब्लैक लिस्टेड करने के निर्देश दिए। अकोदिया, कालापीपल की सड़कों की मरम्मत के निर्देश लोक निर्माण विभाग को दिए। विधायक भीमावद ने ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग के कार्यपालन यंत्री को निर्देशित किया कि भवन निर्माण में गड़बड़ी करने वाले ठेकेदार को तुरंत हटाएं। बैठक में स्वास्थ्य विभाग की भी समीक्षा की गई। एनआरएचएम की राशि से निर्मित किए गए अधूरे स्वास्थ्य भवनों की रिपोर्ट देने को कहा गया। इसी प्रकार उपसंचालक खेल युवक कल्याण को निर्देशित किया कि वे अपने कार्यक्रमों की जानकारी जनप्रतिनिधियों
को दें। बैठक में कलेक्टर प्रमोद गुप्ता ने कहा अधिकारी प्रभारी मंत्री के निर्देशानुसार समय सीमा मे कार्य करें। जो अधिकारी लापरवाह बरतेंगे, उनके विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप चंद्रवंशी, कलेक्टर गुप्ता, एसपी संजय तिवारी, सीईओ जिपं मुकेश शुक्ल, अपर कलेक्टर आर.पी. भारती के अलावा जिला योजना समिति के सदस्यगण तथा जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
जिला योजना समिति की बैठक में चर्चा करते हुए जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी।