- Hindi News
- अनुपस्थितों को नोटिस, व्यवस्थाओं पर संतुष्ट
अनुपस्थितों को नोटिस, व्यवस्थाओं पर संतुष्ट
भास्कर संवाददाता. शाजापुर
शाजापुर जिले के प्रभारी मंत्री पारस जैन ने शनिवार सुबह जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। अस्पताल में घूमकर वार्डों, साफ-सफाई व्यवस्था, सुविधाओं की जानकारी ली। अनुपस्थितों को नोटिस देने के निर्देश दिए। आधे घंटे तक चली निरीक्षण प्रक्रिया के बाद व्यवस्थाओं पर संतुष्टि जताकर प्रभारी मंत्री रवाना हो गए।
प्रभारी मंत्री जैन अपने काफिले के साथ सुबह ८.४५ बजे जिला अस्पताल पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने सिविल सर्जन के कक्ष में बैठकर डॉक्टरों व स्टाफ का हाजिरी रजिस्टर जांचा। दो डॉक्टरों के अनुपस्थित मिलने पर उन्हें शोकाज नोटिस देने के निर्देश दिए। इसके बाद क्रमश: मेल-फिमेल सर्जिकल वार्ड, नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई वार्ड, ऑपरेशन थिएटर का निरीक्षण किया। स्टाफ सदस्यों सहित मरीजों से अस्पताल की व्यवस्थाओं और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के ही दौरान अस्पताल में पुनर्निर्मित लेबर रूम का रिबन काटकर उद्घाटन किया। इसके बाद आम मरीजों की तरह खिड़की पर खड़े होकर नि:शुल्क दवाई वितरण केंद्र के कर्मचारियों से बातचीत कर व्यवस्थाएं जांची। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय विधायक अरुण भीमावद, जिपं सीईओ मुकेश शुक्ल, एसडीएम लक्ष्मी गामड़, सिविल सर्जन डॉ. डी.के. दुबे, भाजपा नगर अध्यक्ष किरणसिंह ठाकुर, भाजयुमो जिला महामंत्री आशीष नागर सहित अस्पताल स्टाफ सदस्य मौजूद रहे। करीब ९.३० बजे प्रभारी मंत्री तय कार्यक्रम के मुताबिक आगे के लिए रवाना हो गए।
बंद कमरे में उठा सोनोग्राफी सेंटर का मुद्दा
सूत्रों ने बताया अस्पताल में लंबे समय से बंद पड़े सोनोग्राफी सेंटर का मुद्दा भी सिविल सर्जन के बंद कक्ष में प्रभारी मंत्री के साथ चर्चा में उठा। अस्पताल प्रबंधन ने विधायक व प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष सोनोग्राफी सेंटर के लिए डॉक्टर की व्यवस्था को लेकर स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ कार्यालय से स्वीकृति संबंधी बात रखी। शीघ्र ही इस समस्या को दूर कराने के संकेत मिले हैं।
पहले से पता था, मंत्रीजी आ रहे हैं!
शनिवार सुबह जिला अस्पताल के नजारे देख साफ लग रहा था कि शायद अस्पताल प्रबंधन को पहले से प्रभारी मंत्री के निरीक्षण पर आने का पता था। निरीक्षण प्रक्रिया में उनके संतुष्ट होने से अस्पताल प्रबंधन ने राहत की सांस ली। सिविल सर्जन डॉ. दुबे ने इसे सीएमएचओ डॉ. जे. अतुलकर के मार्गदर्शन में मिला टीम का सहयोग बताया है।
॥जिला अस्पताल में व्यवस्थाएं संतुष्टिजनक पाई गई हैं। मरीजों ने भी संतुष्टि जताई है। जो कुछ कमियां या परेशानी हैं, उन्हें दूर करने प्रयासरत हैं। दो डॉक्टरों के अनुपस्थित पाए जाने पर उन्हें नोटिस देने को कहा है।॥
पारस जैन, शाजापुर जिला प्रभारी मंत्री
नि:शुल्क दवाई वितरण केंद्र की व्यवस्था का भी लिया जायजा।
रिबन काटकर किया लेबर रूम का उद्घाटन।
जिला अस्पताल में मरीजों से चर्चा करते प्रभारी मंत्री जैन।