पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • जगह जगह शान से लहराएगा तिरंगा प्यारा

जगह-जगह शान से लहराएगा तिरंगा प्यारा

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता. शाजापुर
गणतंत्र दिवस पर रविवार को जिलेभर में आन-बान और शान के साथ तिरंगा फहराया जाएगा। जगह-जगह समारोह आयोजित कर तिरंगे को सलामी दी जाएगी। हर जगह देशभक्ति गीतों के स्वर गूजेंगे। शासकीय योजनाओं के तहत बेटी बचाओ, जल संरक्षण, शिक्षा व संस्कृति का संदेश दिया जाएगा। तो प्रदेश को स्वर्णिम मप्र बनाने का संकल्प लिया जाएगा।
जिला मुख्यालय पर मुख्य समारोह दुपाड़ा रोड स्थित स्टेडियम ग्राउंड में सुबह 9 बजे आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर प्रमोद गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करेंगे। गणतंत्र के उत्सव पर भारतीय सभ्यता और संस्कृति का परिचय देते हुए स्कूली बच्चे रंगारंग प्रस्तुति देंगे।
युवा शक्ति का जज्बा दिखाएंगे जवान- गणतंत्र दिवस पर मुख्य समारोह स्थल पर देश की रक्षा करने के लिए अलग-अलग स्तर पर हो रही तैयारियों का नजारा भी देखने को मिलेगा। स्कूल स्तर पर स्काउट, एनसीसी, जूनियर, एनसीसी सीनियर, होमगार्ड, जिला पुलिस बल, विशेष पुलिस बल के जवान पुलिस बैंड के साथ कदम ताल मिलाते हुए तिरंगे को सलामी देंगे।
स्कूली बच्चे देंगे रंगारंग प्रस्तुति- गणतंत्र दिवस समारोह में संस्कृति के साथ देशभक्ति का जज्बा लिए स्कूली बच्चे रंगारंग प्रस्तुति देंगे। जिसमें देशक्ति का संदेश दिया जाएगा। स्कूली बच्चों की प्रस्तुति में भारतीय सभ्यता की झलक भी दिखाई देगी। इसके लिए बच्चों ने पहले से ही अपनी तैयारी पूरी कर ली है।
हर संस्थान में लहराएगा तिरंगा- राष्ट्रीय पर्व 26 जनवरी पर रविवार को हर संस्थान में उत्सव मनाया जाएगा। शासकीय, अद्र्ध शासकीय कार्यालयों सहित सभी शैक्षणिक संस्थाओं में गणतंत्र दिवस पर आयोजन होंगे। सुबह 7 बजे प्रभात फेरी निकालकर बच्चे सुसंदेश देंगे। इसके बाद संस्थान में तिरंगा फहराकर इसकी गरिमा बनाए रखने का संकल्प लेंगे।
एक दिन पहले से सजे संस्थान- 26 जनवरी को लेकर जिलेवासियों में खासा उत्साह है। प्रशासनिक स्तर पर जहां तैयारी पूरी कर ली गई है। वहीं सभी स्कूलों व अन्य संस्थानों में भी तैयारी पूर्ण हो चुकी है। एक रात पहले यानी शनिवार रात से ही सभी संस्थान विद्युत सज्जा से जगमगा उठे।




स्टेडियम में मुख्य समारोह की तैयारी करते हुए।

॥गणतंत्र दिवस पर मुख्य समारोह स्थल स्टेडियम के समीप से हाईवे निकला है। इसी रास्ते से होकर शहरी बच्चे समारोह स्थल पहुंचते हैं। ऐसे में बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम शुरू होने से एक घंटे पहले ही शहर से दूर भारी वाहनों को रोक दिया जाएगा।॥

पी.के. व्यास, टीआई ट्रैफिक शाजापुर

थमेगा हाईवे का यातायात

गणतंत्र दिवस पर मुख्य समारोह स्थल तक बच्चों को पहुंचाने के लिए हाईवे के यातायात को रोक दिया जाएगा। एक तरफ सनकोटा और दूसरी तरफ सुनेरा के पास कार्यक्रम शुरू होने से एक घंटे पहले से भारी वाहनों को रोक दिया जाएगा। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद ही इन वाहनों को निकाला जाएगा।

यहां होगी पार्किंग व्यवस्था

मुख्य आयोजन में शामिल होने वाले शहरवासियों के लिए तीन स्थानों पर पार्किंग व्यवस्था की गई है। आईटीआई परिसर, कॉलेज के समीप व स्टेडियम गेट के पास भी वाहन खड़ा कर सकते हैं। दुपाड़ा रोड की ओर से आने वालो के लिए सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में पार्किंग व्यवस्था रहेगी।

यह रखें सावधानी

पर्व पर कोई अनहोनी न हो इसके लिए आमजन व स्कूली बच्चों को ध्यान रखने की जरूरत है। जहां तक हो सके हाईवे के रास्ते स्टेडियम ग्राउंड न पहुंचें। समारोह स्थल तक पहुंचने के लिए बस स्टैंड के समीप फव्वारा चौराहे से सीधे पुलिस लाइन के रास्ते गांधी हॉल, शासकीय बीएसएन कॉलेज होते हुए सीधे समारोह स्थल पहुंच सकते हैं।



गणतंत्र पर्व मनाएंगे जिलेवासी