हजारों नए मतदाताओं को दिया उनका अधिकार
आगर-मालवा. शनिवार को राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर गांधी उपवन में कार्यक्रम आयोजित कर नए मतदाताओं को उनका अधिकार दिया गया। इस दिन जिले में १० हजार ५१२ नए मतदाताओं को जोड़ा गया। कार्यक्रम स्थल पर कलेक्टर डी.डी. अग्रवाल ने नए मतदाताओं को मतदाता परिचय-पत्र वितरित किए। बैच लगाकर उन्हें सम्मानित भी किया गया। राष्ट्रीय मतदाता दिवस होने पर इस दिन जिन मतदाताओं ने १ जनवरी तक अपनी आयु १८ वर्ष पूर्ण कर ली है, उनके नाम भी बढ़ाए जाने के लिए फार्म लिए गए। शासन द्वारा चलाई गए मतदाता जागरूकता अभियान में महिला मतदाताओं को प्रेरित कर क्षेत्र में अधिक मतदान करवाने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला अधिकारी के साथ ही बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कलेक्टोरेट में अपर कलेक्टर अशोककुमार वर्मा ने अधिकारी-कर्मचारियों को मतदाता दिवस की शपथ दिलाई।
हमारा देश विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र- सुसनेर. हमारा देश विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र हैं। यह बड़े गौरव का विषय है कि आजादी के 60 वर्षों बाद भी हमारे देश का लोकतंत्र कायम है। ये बातें महिला सशक्तिकरण तथा युवाओं को जाग्रत करने के उद्देश्य से शनिवार को मिडिल स्कूल में आयोजित किए राष्ट्रीय मतदाता दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तहसीलदार संजीव सक्सेना ने उपस्थितजनों से कही। तहसीलदार ने मतदान केंद्र शासकीय बालक मावि में उपस्थित मतदाताओं की मौजूदगी में मुख्य चुनाव आयुक्त वी.के. सम्पत के संदेश का वाचन भी किया। प्रारंभ में एसडीएम सोहन कनास ने नए मतदाताओं को मतदाता परिचय-पत्र देकर उन्हें मतदाता दिवस की शपथ भी दिलवाई। इसके बाद नए मतदाताओं को मतदाता परिचय-पत्र वितरित किए गए। जानकारी के मुताबिक सुसनेर विधानसभा के सभी मतदान केंद्रों पर कार्यक्रम का आयोजन कर 6 हजार नए मतदाताओं को मतदाता परिचय पत्रों का वितरण बीएलओ के माध्यम से किया गया है। मुख्य कार्यक्रम में नप सीएमओ जी.डी. शर्मा, सभी मतदान केंद्रों के बीएलओ सहित विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक मोहनलाल, संतोष जादमे आदि उपस्थित थे।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर हुए कार्यक्रम
शाजापुर. राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर शनिवार को शहर के विभिन्न मतदात केंद्रों के साथ ही गांधी हॉल में मुख्य कार्यक्रम आयोजित हुआ। अतिथि बीएसएनएल विभाग के टीडीएम एम.के. माहेश्वरी थे। अध्यक्षता एसपी संजय तिवारी ने की। अपर कलेक्टर आर.पी. भारती, उप जिला निर्वाचन अधिकारी रणजीत कुमार, एएसपी संजय तिवारी, तहसीलदार प्रकाश कस्बे भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मतदाता सूची में नया नाम जुडऩे वाले युवा मतदाताओं को मतदाता परिचय-पत्र दिए गए। उपस्थितजनों ने मतदाता दिवस की शपथ भी ली। संचालन प्रीतम भटनागर ने किया।
नए मतदाताओं को परिचय-पत्र वितरित करते एसडीएम।
नलखेड़ा. मतदाता दिवस पर बड़ागांव में हुए कार्यक्रम में उपस्थितजन।
मक्सी. शपथ लेते नागरिक।
बड़ौद. परिचय-पत्र वितरित करते हुए।