‘निर्भया’ करेगी अबला की सुरक्षा
बहादुरसिंह चौहान. शाजापुर
संस्कारों का ख्याल रखते हुए बदनामी और थाने के चक्कर लगाने के डर से छेड़छाड़ सहने वाली ‘अबला’ की सुरक्षा अब ‘निर्भया’ संभालेगी। इसके लिए छेड़छाड़ से परेशान युवतियों और महिलाओं को कहीं जाने की जरूरत नहीं है। उन्हें सिर्फ हेल्प लाइन पर नंबर डायल करना होगा। मोबाइल पर सूचना मिलते ही तत्काल ‘निर्भया’ मोबाइल वैन पहुंचेगी और मनचलों को दबोच लेगी।
दिनोंदिन बढ़ती छेड़छाड़ की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए महिला सुरक्षा के लिए पुलिस ने इस पहल शुरू करने का निर्णय लिया है। स्कूल व कोचिंग जाने वाली छात्राओं सहित बाजार में खरीदी के दौरान छेड़छाड़ सहने वाली महिलाओं की सुरक्षा के लिए एसपी संजय तिवारी ने विशेष टीम तैयार की है। इसके तहत महिला पुलिस जवानों की टीम पूरे समय शहर में घूमेगी और मनचलों को सबक सिखाएगी। टीम के लिए विशेष वैन का इंतजाम कर वैन को ‘निर्भया’ नाम दिया गया है। छेड़छाड़ की सूचना मिलते ही कुछ ही मिनट में निर्भया टीम मौके पर पहुंच जाएगी।
थाने जाने की जरूरत नहीं
बाजार में यदि कोई शरारती तत्व छेड़छाड़ करें तो महिलाओं व युवतियों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। वे सीधे महिला हेल्प लाइन पर नंबर लगाए और चुपचाप छेड़छाड़ करने वालो की सूचना दे दें। इसके बाद महिला और युवतियों को थाने पर जाने की जरूरत भी नहीं रहेगी। यहां तक कि उनका नाम भी गोपनीय रखा जाएगा।
सुरक्षा को लेकर यह भी सौगात
शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने ट्रैफिक पाइंट सहित शहर के प्रमुख स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए है। सीसीटीवी कैमरे का भी रविवार को शुभारंभ होगा। आरआई सुनील तालान और टैफिक टीआई पी.के. व्यास ने बताया गणतंत्र दिवस पर रविवार सुबह ११ बजे कलेक्टर प्रमोद गुप्ता और एसपी संजय तिवारी सीसी टीवी कैमरों को चालू करेंगे। इसके बाद शहर के हर प्रमुख चौराहे पर हर समय पुलिस की नजर रहेगी।
आज से शुरू होगी निर्भया
मनचलों को मजा चखाने के लिए महिला पुलिस बल की निर्भया टीम २६ जनवरी गणतंत्र दिवस से शुरू में निगरानी शुरू कर देगी। रविवार सुबह ११ बजे कलेक्टर प्रमोद गुप्ता और एसपी संजय तिवारी इसका शुभारंभ करेंगे।
॥स्कूल, कॉलेज और कोचिंग सेंटरों से कक्षा लगने और छूटने का समय ले लिया गया है। बाजार में भी कुछ पाइंट तय कर लिए गए हैं। जहां पूरे समय महिला पुलिस जवान तैनात रहेगी। सूचना मिलते ही ‘निर्भया’ टीम भी मौके पर पहुंच मनचलों को दबोचेगी।॥
संजय तिवारी, पुलिस अधीक्षक शाजापुर
यह करें छात्रा व महिलाएं
शरारती तत्वों से परेशान छात्रा और महिलाओं को निर्भया की सहायता लेने के लिए सिर्फ एक मोबाइल नंबर डायल करना होगा। पुलिस ने ९४७९९-९८३९६ नंबर डायल करना होगी। इन नंबरों पर सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक संतोषी पीपरे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच जाएगी और छेड़छाड़ करने वालों को दबोच लेगी।