पोस्ट ऑफिस की तिजोरी तोडऩे का प्रयास
तिजोरी तोडऩे के लिए गैस कटर का उपयोग
भास्कर संवाददाता. शाजापुर
नई सड़क स्थिति पोस्ट ऑफिस की तिजोरी का ताला तोडऩे के लिए बदमाशों ने गैस कटर का उपयोग किया, लेकिन तिजोरी का ताला नहीं टूटा और बदमाशों के हाथ कुछ नहीं लगा। इधर, चोरी के प्रयास की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। दोपहर तक पुलिस छानबीन करती रही।
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात बदमाश पोस्ट ऑफिस में जा घुसे। पीछे की खिड़की को तोड़कर घुसे बदमाशों ने गैस कटर के सहारे तिजोरी का ताला तोडऩे का प्रयास किया। हालांकि सालों पुरानी तिजोरी का ताला बदमाश तोड़ नहीं सके। वारदात के दौरान रात को पोस्ट ऑफिस में गार्ड भी तैनात थे। लेकिन उन्हें भी वारदात की भनक नहीं लगी। सुबह सूचना मिलते ही सुबह करीब ८.३० मौके पर एसडीओपी सुहास द्रविड़ पुलिस बल के साथ पहुंचे। बदमाशों का पता लगाने के लिए पुलिस
डॉग को लाया गया। लेकिन गंध के सहारे कुछ दूर तक जाने के बाद डॉग लौट आया। शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामला जांच में लिया है।
पहले चौकीदार की हो चुकी है हत्या
पोस्ट ऑफिस में इससे पहले भी दो-तीन पर चोरी की वारदातें हो चुकी है। वर्ष १९९५ में चौकीदार हिम्मतसिंह राजपूत ((चौकीदार)) की हत्या कर बदमाशों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। बावजूद पोस्ट ऑफिस की सुरक्षा को लेकर जिम्मेदारों ने गंभीरता नहीं बरती।
तो लाखों का लगता फटका
पोस्ट ऑफिस में यदि सालों पुरानी जमीन के अंदर दबी हुई तिजोरी नहीं होती को शुक्रवार-शनिवार की रात लाखों का फटका लग जाता। क्योंकि पोस्ट ऑफिस में भी लाखों रुपए की नकदी रखी होती है।
ऐसे तिजोरी को गैस कटर से तोडऩे का किया प्रयास
खिड़की से तोड़कर अंदर घुसे बदमाश।