सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समा
आगर-मालवा - प्रदेश के ५१वें जिले में देश का ६५वां गणतंत्र दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। जिला बनने के बाद क्षेत्रवासियों के लिए यह पहला मौका था जब जिलास्तर के कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके चलते समारोह स्थल पर बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद थे। हजारों लोग समारोह में होने वाले मनमोहक कार्यक्रमों को देख उत्साह से तालियां बजा रहे थे। दशहरा मैदान स्थित स्टेडियम ग्राउंड पर आयोजित मुख्य समारोह स्थल पर सुबह ९ बजे कलेक्टर डी.डी. अग्रवाल ने जिले के पहले गणतंत्र दिवस का ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली और मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। यहां मार्च पास्ट का निरीक्षण करने के बाद स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इसमें बच्चों ने अपनी प्रतिभा दिखाते हुए देशभक्ति और जनसेवा पर आधारित आकर्षक कार्यक्रमों की प्रस्तुत दी। शासन की योजनाओं और देशभक्ति से ओतप्रोत ९ झांकियों का प्रदर्शन भी इस दिन विभिन्न विभागों द्वारा किया गया। समारोह स्थल पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में कन्या शासकीय मावि शहर की बालिकाओं को बेहतरीन प्रदर्शन करने पर प्रथम पुरस्कार भी दिया गया। जिला बनने के बाद उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों का सम्मान करने के साथ समारोह स्थल पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रम में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं एवं राज्य, राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ बोर्ड परीक्षाओं में श्रेष्ठ परिणाम प्राप्त करने वाली प्रतिभाओं को भी मंच से कलेक्टर ने सम्मानित किया। कार्यक्रम स्थल पर एसपी आर.आर.सिंह परिहार, एएसपी महावीर मुजाल्दे सहित जिला स्तर के अधिकारी एवं उनके प्रतिनिधि मौजूद रहे। संचालन प्रो. सुशील कटारिया, प्रो. शशिप्रभा जैन एवं शिक्षक एल.एन. शर्मा सरोज ने किया।
रात में मनाया लोकतंत्र का उत्सव- ओसवाल भवन में प्रशासन ने रविवार रात अखाड़ा नृत्य एवं कवि सम्मेलन आयोजित कर लोकतंत्र का उत्सव मनाया। सागर से आए १६ सदस्यीय टीम ने आकर्षक अखाड़ा नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं देर रात तक आयोजित कवि सम्मेलन में उज्जैन की कवि राशि पटेरिया, दिनेश दिग्गज, कमल चौधरी, सौरभ चातक, तराना के सुनील गाइड एवं नागदा के ओम बैरागी ने सराहनीय प्रस्तुति दी। समारोह स्थल पर कलेक्टर डी.डी. अग्रवाल, एसपी आर.आर. सिंह परिहार, नपा अध्यक्ष बसंत भाटिया सहित प्रशासनिक अधिकारी कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।