पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • आन, बान और शान से फहराया तिरंगा

आन, बान और शान से फहराया तिरंगा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता - शाजापुर
गणतंत्र दिवस रविवार को जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। आन, बान और शान के साथ जगह-जगह तिरंगा फहराया गया। तिरंगा हवा में लहराते ही राष्ट्रगान हुआ। सभी शासकीय/ अद्र्धशासकीय कार्यालयों सहित शैक्षणिक संस्थानों में पूरे दिन समारोह की धूम रही। पूरे दिन देशभक्ति गीतों की धुन गूंजती रही। भारतीय संस्कृति की महत्ता और देश प्रेम जगाए रखने के लिए बच्चों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति दी। जिला मुख्यालय पर स्टेडियम ग्राउंड में मुख्य समारोह आयोजित किया गया। यहां कलेक्टर प्रमोद गुप्ता ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली।
ध्वजारोहण के बाद कलेक्टर गुप्ता ने शांति के प्रतीक श्वेत कपोत एवं समृद्धि के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाए। इसके बाद खुली जीप में परेड का निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक संजय तिवारी भी उनके साथ थे। परेड कमांडरों से परिचय प्राप्त किया। कलेक्टर ने मुख्यमंत्री के जनता के नाम संदेश का वाचन किया। समारोह में परेड कमांडर आरआई सुनील तालान के मार्गदर्शन में पुलिस बल, होमगार्ड, एनसीसी, स्काउट ने बैंड की धुन पर कदमताल करते हुए मार्च पास्ट निकाला। पूरे जोश एवं उमंग के साथ स्कूली बच्चों द्वारा सामूहिक शारीरिक व्यायाम, डंबल्स एवं देशभक्ति पूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रमों का प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में उपस्थित जनसमुदाय ने करतल ध्वनि से बच्चों की प्रस्तुतियों को खूब सराहा। कार्यक्रम के अंत में श्रेष्ठ प्रस्तुतियों, उत्कृष्ट परेड प्रदर्शन, मेधावी विद्यार्थियों, उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं शासकीय सेवकों को पुरस्कृत किया गया। जिपं अध्यक्ष लीलादेवी परमार, विधायक अरुण भीमावद, नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप चंद्रवंशी आदि उपस्थित थे। संचालन प्रीतम भटनागर ने किया।
परेड में जिला पुलिस बल रहा प्रथम- मुख्य समारोह में उत्कृष्ट परेड के लिए समूह ‘अञ्ज में जिला पुलिस बल प्रथम, जिला होमगार्ड द्वितीय और विशेष पुलिस बल तृतीय स्थान पर रहे। इसी प्रकार समूह ‘ब’ में प्रथम रेडक्रॉस क्रमांक 1, द्वितीय रेडक्रास क्रमांक 2 और तृतीय स्थान पर स्काउट दल क्रमांक 1, एनसीसी जूनियर छात्रा एवं स्काउट दल क्रमांक 3 थे।
महिला बाल विकास की झांकी अव्वल- समारोह में सभी शासकीय विभागों द्वारा अपनी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए विशेष तौर पर झांकी तैयार की गई। तैयार झांकी समारोह स्कूल से गुजरी। इसमें महिला बाल विकास विभाग की झांकी प्रथम रही। मामले में जिला पंचायत की झांकी द्वितीय और पशु चिकित्सा विभाग की झांकी तीसरे स्थान पर रही।
एमजी कॉन्वेंट की प्रस्तुति बेहतर- समारोह स्थल पर बच्चों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति दी। इसमें एमजी कॉन्वेंट स्कूल के भारतीय संस्कृति की महत्ता बताते हुए बेहतर प्रस्तुति देकर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
बेहतर कार्य पर इन्हें मिला सम्मान- गणतंत्र दिवस के मौके पर बेहतर कार्य करने वाले शासकीय कर्मचारियों सहित प्रतिभावान विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया गया। इसके तहत सीईओ जिपं मुकेश शुक्ल, एडीएम आर.पी. भारती, एसडीएम शुजालपुर एच.एस. चुंडावत, एसडीएम लक्ष्मी गामड़, उप जिला निर्वाचन अधिकारी रणजीत कुमार, प्रबंधक लोक सेवा गारंटी रमेश पंड्या, कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास सुनीता यादव, तहसीलदार प्रकाश कस्बे, अधीक्षक भू-अभिलेख आर.एम. त्रिपाठी, सीएमओ विद्याशंकर चतुर्वेदी, जिला आपूर्ति अधिकारी एम.एल. मारू, आरटीओ शैलेंद्रकुमार निगम, उपयंत्री लोक निर्माण वी.के. जैन, हरेंद्रसिंह सेंगर, जिला निर्वाचन कार्यालय सहायक ग्रेड-2 मदनलाल जैन, निर्वाचक पर्यवेक्षक दिनेश शर्मा, सहायक ग्रेड-2 जनपद पंचायत मुकेश सोलंकी, पटवारी हुकुमसिंह वर्मा, प्रकाश चौहान, सिविल सर्जन कम्प्यूटर ऑपरेटर बाबूलाल मिश्रा, जिला निर्वाचन कार्यालय भृत्य रामबाबू पुष्पद, विक्रमलाल मोबिया को उत्कृष्ट कार्यों के लिए पुरस्कृत किया गया।
कलेक्टोरेट में किया गया ध्वजारोहण- मुख्य समारोह से पूर्व कलेक्टोरेट में कलेक्टर प्रमोद गुप्ता ने ध्वजारोहण किया। सभी ने राष्ट्रगान गाया। जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर पुलिस अधीक्षक संजय तिवारी ने ध्वजारोहण किया। अन्य शासकीय कार्यालयो पर भी ध्वजारोहण हुआ।
भारत पर्व पर भी रंगारंग कार्यक्रम
गणतंत्र दिवस के दिनभर जहां देशभक्ति गीत गूंजते रहे। वहीं शाम को गांधी हॉल में भारतीय संस्कृति की झलक देखने को मिली। भारत पर्व के तहत कवि सम्मेलन में साहित्यकारों ने अपनी रचनाओं की प्रस्तुति दी। वहीं स्कूली बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुति देते हुए भारतीय सभ्यता की झलक दिखाई। बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी व शहरवासी मौजूद थे।
पिपल्या गोपाल के स्कूल में किया मध्याह्न भोजन
स्टेडियम ग्राउंड में मुख्य समारोह आयोजित होने के बाद कलेक्टर प्रमोद गुप्ता सीधे ग्राम पिपल्या गोपाल के सरकारी स्कूल पहुंचे। यहां उन्होंने बच्चों के साथ विशेष मध्याह्न भोजन किया। भोजन में खीर, पूड़ी तथा लड््डू आदि दिया गया। इस दौरान विधायक अरुण भीमावद ने शासकीय योजनाओं की जानकारी देकर ज्यादा से ज्यादा लाभ लेने की अपील की। जिपं अध्यक्ष लीलादेवी परमार, नपाध्यक्ष प्रदीप चंद्रवंशी, पुलिस अधीक्षक संजय तिवारी, सीईओ जिपं मुकेश शुक्ल, एसडीएम लक्ष्मी गामड़, डीईओ थॉमस भूरिया, डीपीसी अक्षयसिंह राठौर, तहसीलदार प्रकाश कस्बे आदि मौजूद थे। स्वागत भाषण प्रधानाध्यापक बालचंद्र सौराष्ट्रीय ने दिए। संचालन जन शिक्षक अंबाराम राजोरिया ने किया। आभार सुभाषचंद वैष्णव ने माना।




कार्यक्रम में प्रथम आने पर पुरस्कृत करते कलेक्टर।

कलेक्टर ने किया परेड का निरीक्षण।