नशे में ड्यूटी करने वाला आरक्षक निलंबित
भास्कर संवाददाता - शाजापुर
ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने वाले पुलिस जवानों की अब खैर नहीं है। रात्रि गश्त में चूक बिलकुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके लिए एसपी संजय तिवारी और एएसपी संजयसिंह ने औचक निरीक्षण शुरू कर दिया है। पहले ही दिन २६ जनवरी की रात ड्यूटी से गायब रहने वाले प्रधान आरक्षक और आरक्षकों को लाइन अटैच कर दिया गया है। नशे की हालत में ड्यूटी पर मिले मक्सी के एक आरक्षक को एसपी ने निलंबित कर दिया।
अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए की जाने वाली रात्रि गश्त के दौरान कई बार पुलिस जवान लापरवाही बरतने लगे हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए अब एसपी ने उडऩ दस्ते के रूप में औचक निरीक्षण करना शुरू कर दिया है। रविवार रात एसपी रात १२.३० बजे मक्सी थाने जा पहुंचे। यहां ३ आरक्षक ड्यूटी से गायब मिले। जिन्हें लाइन अटैच कर दिया गया। एसपी ने यहां मौजूद आरक्षक को कैलाश मौर्य को शराब के नशे में पाया। इस पर उसे तत्काल निलंबित कर दिया गया। इधर, इसी कार्रवाई के तहत एएसपी संजयसिंह ने बेरछा और मो. बड़ोदिया का रूख किया। यहां बेरछा थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक घनश्याम लेवे और बाबूलाल गायब मिले। मो. बड़ोदिया थाने में पदस्थ बाबूलाल मुकाती भी ड्यूटी पर नहीं थे। ऐसे में इन्हें भी लाइन अटैच कर दिया गया है।
इन पर हुई कार्रवाई- ड्यूटी के दौरान गायब मिलने वाले बेरछा थाने के प्रधान आरक्षक घनश्याम लेवे, बाबूलाल, मो. बड़ोदिया थाने के बाबूलाल मुकाती सहित मक्सी थाने पर पदस्थ आरक्षक अब्दुल गफ्फार, हुकुम पाटीदार, आनंद शर्मा को लाइन अटैच किया गया है। ड्यूटी के दौरान नशा करते पाए जाने पर मक्सी थाने में पदस्थ कैलाश मौर्य को तत्काल एसपी ने सस्पेंड कर दिया है।
॥ड्यूटी के दौरान लापरवाही बिलकुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही करते पाए जाने वाले आरक्षक और प्रधान आरक्षक कुल ७ पर कार्रवाई की गई है। मॉनिटरिंग के लिए औचक निरीक्षण सतत रूप से किया जाएगा।ञ्जञ्ज
संजय तिवारी, पुलिस अधीक्षक शाजापुर