- Hindi News
- लाचार पिता ने मांगी परिवार सहित इच्छा मृत्यु की अनुमति
लाचार पिता ने मांगी परिवार सहित इच्छा मृत्यु की अनुमति
भास्कर संवाददाता - शाजापुर
बेटे का इलाज कराने से लाचार एक पिता ने प्रशासन से परिवार सहित इच्छा मृत्यु की अनुमति की गुहार लगाई है। पिछले दो साल से इलाज कराने में जीवनभर की जमा पूंजी खर्च कर दी, लेकिन बेटा स्वस्थ नहीं हो सका। असहाय पिता ने कलेक्टर प्रमोद गुप्ता को आवेदन दिया और बेटे का इलाज कराने की मांग की। इलाज नहीं हो पाने की स्थिति में लाचार पिता ने परिवार सहित इच्छा मृत्यु की गुहार लगा दी।
विक्रम पिता नगजीराम जायसवाल निवासी बर्डियासोन अपने ढाई वर्षीय बेटे का पिछले दो साल से इलाज करा रहा है। सारी जमा पूंजी खर्च कर इंदौर के अरबिंदो अस्पताल में महंगा इलाज कराने के बाद भी बेटा स्वस्थ नहीं हो सका। डॉक्टरों ने बेटे को गंभीर बीमारी बता दी। ज्यादा दिन तक अस्पताल में भर्ती रखने की उसकी क्षमता भी नहीं है। ऐसे में विक्रम अपने बेटे को घर ले आया। अब खटिया पर पड़ा ढाई वर्षीय बेटा अवध दर्द से कराहता रहता है। बेटे की आवाज सुनकर परिजनों का खाना-पीना भी हलक से नहीं उतरता। लाचार पिता विक्रम जायसवाल मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचा और जन सुनवाई में कलेक्टर को आवेदन देकर राज्य बीमारी सहायता से बेटे का इलाज कराने की गुहार लगाई। इलाज में प्रशासनिक स्तर पर सहायता नहीं होने पर विक्रम ने कलेक्टर से परिवार सहित इच्छा मृत्यु की अनुमति भी मांग ली।
सचिव मांगता है रिश्वत -गुलाना तहसील के ग्राम कोहडिय़ा निवासी मोहनलाल ने बाड़ीगांव ग्राम पंचायत के सचिव कुमेरसिंह पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। मोहनलाल ने बताया आय, जाति प्रमाण पत्र बनाने से लेकर गरीबों को कुटी दिलाने व अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के बदले सचिव रिश्वत मांगता है।
न बदलें सड़क की दिशा -ग्राम चापडिय़ा के लोगों ने स्वीकृत प्रधानमंत्री सड़क योजना को पूर्ववत स्थान से ही बनाने की मांग की है। ग्रामीणों ने प्रशासनिक अधिकारियों को आवेदन देकर बताया कि कुछ लोग निजी हित के लिए अधिकारियों से मिलकर स्वीकृत सड़क को दूसरे रास्ते से बनवाना चाहते हैं। लेकिन ऐसा नहीं किया जाए।