पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • तिंगजपुर में उल्टी दस्त से दूसरी मौत

तिंगजपुर में उल्टी-दस्त से दूसरी मौत

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता - शाजापुर/सारंगपुर
दूषित पानी पीने से तिंगजपुर में उल्टी-दस्त से पीडि़तों में से एक और महिला ने बुधवार की दोपहर में दम तोड़ दिया। इससे पहले २६ जनवरी को भी एक बुजुर्ग महिला की मौत हो चुकी है। ग्राम पंचायत ने पेयजल सप्लाई किया था, जिसे पीने से करीब ८० लोग बीमार हुए थे। यहां स्वास्थ्य विभाग ने भी इसे गंभीरता से नहीं लिया। इसके चलते ही दो महिलाओं की मौत हो चुकी है।संभागायुक्त अरुण पांडेय ने बुधवार को जब सीएमएचओ जे. अतुलकर को निर्देश दिए तब जाकर सीएमएचओ ने तिगंजपुर का दौरा किया।
ग्राम में उल्टी-दस्त से अब भी करीब तीन दर्जन लोग पीडि़त हैं। मोहन बड़ोदिया और शाजापुर से स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा मरीजों का उपचार करने का दावा किया जा रहा है। शुजालपुर विधायक जसवंतसिंह हाड़ा ने तिंगजपुर पहुंचकर ग्रामीणों से चर्चा की। बुधवार को उल्टी-दस्त से पीडि़त बुजुर्ग धनियाबाई पति शोभाराम कुशवाह की मौत हो गई। इसके पहले केशरबाई पति गौरेलाल की को मौत हो चुकी है।
टंकी से पेयजल सप्लाई बंद- तिंगजपुर में २६ जनवरी से टंकी से पेयजल की सप्लाई बंद कर दी गई है। गांव के उपसरपंच जगदीशचंद्र दुबे के अनुसार गांव में पेयजल सप्लाई का वाल्व खराब होने से दूषित और गंदा पानी चला गया। इसके चलते ऐसे हालात बने हैं। फिलहाल गांव के कुएं और ट्यूबवेल से पेयजल लिया जा रहा है। पीएचई के एसडीओ के.एस. डामोर के अनुसार पेयजल में बैक्टेरिया पाया गया है। ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल पीने की सलाह दी गई है।
गांव में अब भी दर्जनों बीमार- ग्राम तिंगजपुर में दूषित पेयजल से अब तक कुल मिलाकर ८० लोग पीडि़त हो चुके हैं। फिलहाल गांव गंगाप्रसाद पिता नंदराम, बबीता पति रितेश का शाजापुर में उपचार चल रहा है। इसके अलावा मीनाक्षी पिता महेश, देवेश पिता कमलाशंकर, कैलाश पिता शिवनारायण, रेखा पिता बद्रीलाल, दीनू पिता कमल, पीनू पिता सुभाष, विंदा पति रवि, उर्मिला पति सुनील, पर्वत पिता राजाराम, संदीप पिता दामोदर, मांगीबाई पति दामोदर, गोपाल पिता बृजमोहन, विजय पिता विष्णु, कशिश पिता रामबाबू सहित कई ग्रामीण उल्टी-दस्त से पीडि़त हैं। इन सभी का उपचार जारी है। गांव में तैनात डॉ. बसंतलाल के अनुसार बुधवार को ३० मरीजों का उपचार किया गया।