किसान कर रहे पलायन -हावडिय़ा
शाजापुर. यूपीए सरकार की किसान विरोधी नीतियों पर विरोध जताने गुरुवार को भाजपा किसान मोर्चा मैदान में उतरा। धरने की शुरुआत दोपहर करीब 12 बजे से हुई। धरने को संबोधित कर किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष बाबूलाल हावडिय़ा ने कहा कि यूपीए सरकार की किसान विरोधी नीतियों के कारण किसान खेती से पलायन करने को मजबूर हुआ है। कांग्रेस सरकार के 9 साल 8 महीने के राज में उत्तम खेती, मध्यम व्यापार व नीच नौकरी की कहावत को कांग्रेस ने झुठला दिया। भाजपा जिलाध्यक्ष व क्षेत्रीय विधायक अरुण भीमावद ने कहा कि देश के कांग्रेस शासित राज्य में किसानों की आत्महत्या के लिए केंद्र सरकार सीधे तौर पर जिम्मेदार है। केंद्र की सरकार किसानों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। हम केंद्र सरकार से किसानों का अधिकार मांग रहे हैं। मोर्चा के प्रदेश कोषाध्यक्ष कैलाश सोनी ने कहा कि मप्र देश का ऐसा पहला राज्य है, जिसने किसानों को बिना ब्याज के कर्ज देने का काम शुरू किया है।
तीन घंटे चला धरना प्रदर्शन- भाजपा जिला मीडिया प्रभारी शीतल भावसार ने बताया किसान मोर्चा का धरना गुरुवार को किसान अधिकार दिवस के दिन दोपहर 12 से 3 बजे तक दिया गया। धरने में मनीष शुक्ला, नपाध्यक्ष प्रदीप चंद्रवंशी, अशोक पाटीदार आदि उपस्थित रहे।