पुरस्कार के रूप में मिला मेहनत का फल
भास्कर संवाददाता - शाजापुर
वर्षभर स्कूल की गतिविधियों में भाग लेकर मेहनत की। फलस्वरूप समारोह में मंच पर जब अतिथियों के हाथों से पुरस्कार मिला तो सबके चेहरे खुशी से खिल उठे।
यह नजारे देखने मिले लालपुरा स्थित शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उमावि में। गुरुवार को यहां वर्षभर चली गतिविधियों के लिए पुरस्कार दिए गए। इस मौके पर विधायक अरुण भीमावद, नपाध्यक्ष प्रदीप चंद्रवंशी, राजमल भीमावद, राधिका गुप्ता, बीईओ सुभाषचंद्र वैष्णव थे। स्वागत भाषण प्राचार्य मनीषा नवाब ने और प्रतिवेदन शिक्षिका आशा श्रीवास्तव ने प्रस्तुत किया। संस्था की छात्राओं ने भक्ति-देशभक्ति गीतों पर नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। संचालन राजेश वर्मा व संजय कुमार सोनी ने किया।
खूब मन लगाकर पढ़ें छात्राएं- विधायक अरुण भीमावद ने कहा छात्राएं खूब मन लगाकर पढ़ाई करें। उच्च शिक्षा पाने शासकीय योजनाओं का लाभ लें। स्कूल के नए भवन को लेकर प्रयास करूंगा। नपाध्यक्ष चंद्रवंशी ने कहा नपा की ओर से जो भी सुविधाएं होंगी, वह संस्था के लिए दी जाएंगी।
125 से ज्यादा छात्राएं पुरस्कृत- गुरुवार को स्कूल में हुए पुरस्कार वितरण समारोह में संस्था की 125 से अधिक छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। पुरस्कारस्वरूप स्मृति चिह्न व प्रमाण-पत्र प्रदान किए।
सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करती छात्राएं
शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उमावि में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित छात्राएं व स्टाफ सदस्यगण।