पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • कलेक्टर ने जाने सुसनेर के हाल

कलेक्टर ने जाने सुसनेर के हाल

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता - सुसनेर
आगर जिले के कलेक्टर डी.डी. अग्रवाल ने गुरुवार को पहली बार नगर के विभिन्न शासकीय कार्यालयों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने शासकीय स्वामी विवेकानंद कॉलेज पहुंचे। प्रभारी प्राचार्य ने कॉलेज की जमीन में अतिक्रमण होने तथा बाउंड्रीवाल के लिए राशि मंजूर होने की जानकारी दी।
कलेक्टर के साथ मौजूद तहसीलदार व एसडीएम ने कार्य शुरू होने से पहले अतिक्रमण हटाने की बात कही। इसके बाद कलेक्टर ने जनपद पंचायत का दौरा कर मनरेगा, पंच परमेश्वर योजना, मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास मिशन सहित अन्य योजनाओं की जानकारी ली। तहसील कार्यालय का निरीक्षण भी किया। जहां बार एसोसिएशन के कार्यालय में अभिभाषक संघ से बातचीत कर उनकी समस्या सुनकर उन्हें हल करने क ा भरोसा दिलाया। क लेक्टर अग्रवाल ने औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान का निरीक्षण किया।
आईटीआई में शिक्षकों ने भवन नहीं होने की परेशानी से कलेक्टर को अवगत कराया। आईटीआई और मिडिल स्कूल की शासकीय जमीन का मामला विवादग्रस्त होकर इंदौर हाईकोर्ट में लंबित होने की जानकारी एसडीएम सोहन कनास द्वारा देने पर कलेक्टर ने पैदल घूमकर निरीक्षण किया।
मरीजों को कंबल देने के निर्देश- सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों से 108 एम्बुलेंस व जननी सुरक्षा योजना के लाभ के बारे में प्रसूताओं से चर्चा की। अस्पताल में वार्ड निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मरीजों से बातचीत की। ठंड में कंबल नहीं दिए जाने की जानकारी मिलने पर कलेक्टर ने डॉ. डी.एस. परमार से मरीजों को एक-एक कंबल वितरित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सोहन कनास, तहसीलदार संजीव सक्सेना, बीएमओ डॉ. ब्रजभूषण पाटीदार मौजूद थे।



सोनोग्राफी मशीन के लिए

लिया जाएगा जनसहयोग

अस्पताल में महिला चिकित्सक तथा सोनोग्राफी मशीन नहीं होने की जानकारी पत्रकारों द्वारा देने पर पूरे जिले में ही महिला चिकित्सक की कमी होने की बात कलेक्टर ने कही। सोनोग्राफी मशीन के लिए पत्रकारों द्वारा सहयोग उपलब्ध करवाने की बात पर कलेक्टर ने एसडीएम कनास को नगर के गणमान्य और प्रभावी नागरिकों की एक बैठक बुलवाकर सोनोग्राफी मशीन के संबंध में जनसहयोग से राशि जुटाने के निर्देश दिए।

मिडिल स्कूल ग्राउंड का निरीक्षण करते कलेक्टर।

अस्पताल में निरीक्षण के दौरान मरीजों से चर्चा करते कलेक्टर अग्रवाल।