जनता की भागीदारी से मजबूत होगा जनतंत्र
कार्यालय संवाददाता - राजगढ़
लोकतंत्र को मजबूत बनाने में जनता की सबसे बड़ी भूमिका है। इसका अहसास युवाओं से लेकर बुजुर्गों सभी को होना चाहिए। हर नागरिक अपने वोट की कीमत समझे और वोट जरूर डाले ताकि देश की बागडोर सही हाथों में पहुंचे और विकास हो सके। यह बात कलेक्टर आनंद कुमार शर्मा ने मतदाता दिवस पर आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में कही।
राष्ट्रीय मतदाता जागरूकता दिवस का यह आयोजन शनिवार सुबह 11 बजे से शासकीय गंज स्कूल परिसर में किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री शर्मा ने नए मतदाताओं को उनके वोटिंग अधिकार के बारे में बताने की जरूरत बताई। सीईओ जिला पंचायत व स्वीप अभियान प्रभारी इलैया राजा टी ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का मताधिकार ही सत्ता का निर्णय करता है। अपर कलेक्टर एके चौहान ने कहा कि मतदाता अगर अपने अधिकार का प्रयोग नहीं करे, तो लोकतांत्रिक प्रक्रिया कमजोर होती जाएगी। इस दौरान एसपी सुशांत कुमार सक्सेना ने कहा कि युवाओं को मतदान के बारे में जागरूक बनाने के लिए प्रशासन ही नहीं जनप्रतिनिधियों व सामाजिक कार्यों से जुड़े लोगों को मिलकर काम करना होगा। इस मौके पर एसडीएम आरपी अहिरवार, तहसीलदार मकसूद अहमद, सीएमओ नपा आरपी नायक सहित भाजपा जिलाध्यक्ष रघुनंदन शर्मा, कांग्रेस पदाधिकारी राशिद जमील सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
मतदाता दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में मतदान करने की शपथ लेते लोग।
मतदान की दिलाई शपथ
कार्यक्रम में लोगों को राष्ट्र निर्माण के लिए मतदान करने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में मतदाता सूचियों में नए मतदाताओं को जोडऩे वाले कर्मचारियों व विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। इसके साथ ही युवा मतदाताओं को मतदाता परिचय पत्र बांटे गए।
मतदाता दिवस पर कार्यक्रम में लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करने वोट डालने पर दिया जोर