- Hindi News
- गेहूं नहीं देंगे, चाहो तो नगद रुपए ले लो
गेहूं नहीं देंगे, चाहो तो नगद रुपए ले लो
कार्यालय संवाददाता - राजगढ़
ग्राम पंचायत धनवास के फूटा तालाब गांव के दर्जनों लोग राशन दुकान पर तीन महीनों से राशन नहीं दिए जाने की शिकायत लेकर कलेक्टोरेट पहुंचे। इनका कहना था कि दुकान प्रबंधक व सेल्समेन एक रुपए किलो के भाव से 35 की जगह 16 किलो गेहूं के नगद रुपए देने की जिद कर रहा है।
अंत्योदय व बीपीएल कार्डधारी ग्रामीण फूलसिंह, अमरलाल, नाहरसिंह, रमेश, रुगनाथ, लालसिंह, रामकिशन, करन सिंह और चैनसिंह आदि ने बताया कि कालीपीठ सोसाइटी के तहत नौगांव राशन दुकान का प्रबंधक शंभूसिंह राठौर व सेल्समेन छविलाल ने उन्हें तीन महीनों से राशन नहीं दिया। अपने साथ लाए खाली राशन कार्ड दिखाते हुए ग्रामीणों ने बताया कि रोज उन्हें किसी बहाने से टाल दिया जाता है। दो महीने चुनावों के कारण राशन आवंटन नहीं मिलने का बहाना बताया। ग्रामीणों ने जिला मुख्यालय से जानकारी ली तो पता चला कि उनके हिस्से का राशन पहले ही आवंटित कर दिया गया है। जब राशन दुकान प्रबंधक व सेल्समेन से राशन मांगा तो उनका कहना है कि वह ग्रामीणों को अब गेहूं नहीं देगा उसकी जगह एक रुपए प्रति किलो के भाव से नगद 16-16 रुपए दे सकता है। नाराज ग्रामीणों ने खाद्य अमला से इसकी शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। शनिवार दोपहर कलेक्टोरेट पहुंचे इन ग्रामीणों ने एसडीएम सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत कर राशन दिलाने व उनका हक छीनने वाले संस्था प्रबंधक, सेल्समेन आदि पर कार्रवाई की मांग की।
॥इस बारे में शिकायत मिली है हमने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू की है। अगर सेल्समेन व मैनेजर दोषी हुए तो वरिष्ठ अधिकारियों को बताएंगे।
-संतोष नंदन वार, खाद्य निरीक्षक राजगढ़