- Hindi News
- राष्ट्रीय पर्व पर भी नहीं ली स्मारक की सुध
राष्ट्रीय पर्व पर भी नहीं ली स्मारक की सुध
कार्यालय संवाददाता, राजगढ़
विधानसभा चुनाव के दौरान आचार संहिता के चलते सफेदी से पोते गए जय स्तंभ को गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर भी स्थानीय प्रशासन व नगर पालिका मूल स्वरूप में नहीं ला सकी। राष्ट्रीयता के प्रतीक यह स्तंभ बदरंग व सूने रहे।
चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता के पालन में कई बोर्ड, प्रतिमाओं व स्मारकों पर सफेदी पोती गई थी। लेकिन इनमें से ज्यादातर वैसे ही छोड़ दिए गए। एक ओर जहां गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रीय स्मारक व सरकारी इमारतों पर रंगरोगन व विद्युत साज-सज्जा की जा रही है वहीं शहर के बीचोंबीच स्थित जय स्तंभ के रंगरोगन की सुध न तो स्थानीय प्रशासन ने ली और न ही नगर पालिका ने इन पर ध्यान दिया।
गौरतलब है कि जय स्तंभ पर बना राष्ट्रीय ध्वज व 24 तीलियों वाला चक्र निर्धारित रंगों की जगह सफेद पोता गया है। नागरिक विजय शर्मा, आरके सेन आदि ने इसे राष्ट्रीय गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य बताया है।
सफेदी से पोता गया राष्ट्रीय प्रतीक जय स्तंभ।
॥आचार संहिता में भी राष्ट्रीय प्रतीक को नहीं पोता जाना था फिर भी अगर ऐसा हुआ था तो चुनाव के बाद इसे मूल रूप दे दिया जाना था। मैं नपा सीएमओ को इस बारे में अभी निर्देश दे रहा हूं।
-आरपी अहिरवार, एसडीएम राजगढ़