नए कानून के विरोध में बैठक
ब्यावरा - कृषि उपज मंडी परिसर में नए खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम कानून को लेकर शनिवार दोपहर बैठक का आयोजन किया गया। इसमें नगर सहित आसपास की मंडियों के व्यापारी के साथ खाद्य सुरक्षा प्रशासन अधिकारी वीपी यादव सहित अन्य अधिकारी शामिल हुए। बैठक में ब्यावरा मंडी एसोसिएशन अध्यक्ष शिवनारायण गुप्ता, विष्णु अग्रवाल, नवीन अग्रवाल आदि व्यापारियों ने बताया कि इस कानून से मंडी व्यापारी सहित क्षेत्र के सैकड़ों किसान प्रभावित होंगे। इस कानून में संशोधन किया जाए।
नहीं तो सभी कृषि उपज मंडियों के व्यापारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहेंगे। मंडी व्यापारी विष्णु अग्रवाल ने बताया कि इस मुद्दे पर प्रांतीय स्तर पर देवास में 30 जनवरी को बैठक रखी गई है। इस दौरान कोई हल नहीं निकलने की दिशा में सभी मंडियां बंद रहेंगी। जिले के सभी मंडी व्यापारियों ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी को शासन के नाम का एक प्रतिवेदन सौंपा। इसमें नए कानून में संशोधन कराने की मांग की गई। बैठक में मंडी अध्यक्ष मकलेश चौहान, सचिव योगेश नागले सहित अन्य मंडियों के सचिव सहित व्यापारी मौजूद थे।