कोहरे से बस पलटी, एक दर्जन यात्री घायल
कार्यालय संवाददाता - ब्यावरा/करनवास
आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर करनवास के पास एक बस घने कोहरे व हाईवे के गड्ढों से अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में बस में सवार 45 यात्री में से एक दर्जन लोग घायल हो गए। एक यात्री का हाथ दो घंटे तक पलटी हुई बस में फंसा रहा। हादसे में घायल यात्रियों को इलाज के लिए ब्यावरा सिविल अस्पताल में भर्ती किया। इनमें से तीन गंभीर घायलों को राजगढ़ रेफर कर दिया है। बदहाल हाईवे पर कई हादसे होने के बाद भी हाईवे अथॉरिटी ने अब तक इसकी दशा नहीं सुधारी है।
गांव माधोपुरा के पास मंगलवार सुबह छह बजे इंदौर से गुना जा रही एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। करनवास पुलिस टीम सहित आसपास के लोगों ने बस के घायलों को बमुश्किल बाहर निकाल कर उन्हें 108 वाहन से ब्यावरा सिविल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने बताया कि इस हादसे में बस में सवार यात्री राजगढ़ निवासी मीना पति ओमप्रकाश, निधि, अनिल, 70 वर्षीय ललिता पति सूरज, गुना निवासी रवि पुत्र गुट्टू लाल, जामनेर गांव निवासी दीपक माली, गुना निवासी अमर पुत्र बाबूलाल, राजगढ़ निवासी गीता पति अशोक शर्मा, 20 वर्षीय विक्रम सहित तीन अन्य यात्री घायल हो गए। इनमें से गंभीर घायल मीना, ललिता बाई व विक्रम को राजगढ़ रेफर कर दिया है।
दो घंटे तक बस में फंसा रहा यात्री का हाथ
बस में सवार यात्री विक्रम का एक हाथ बस में फंस गया। इस बीच वह अपने बचाव के लिए देर तक छटपटाता रहा। अन्य युवकों ने बस को जैक की मदद से ऊंचा किया इसके बाद यात्री का हाथ से बाहर निकाला। बस में फंसे रहने से उसके हाथ की एक अंगुली कट गई। इसके तत्काल बाद घायल यात्री को इलाज की सुविधा मुहैया कराई गई।
घने कोहरे व बदहाल हाईवे से सड़क हादसा
अलसुबह क्षेत्र में घना कोहरा रहने व हाईवे पर गहराए गड्ढों की वजह से बस दुर्घटनाग्रस्त हुई। ग्रामीण रामचरण वर्मा, घीसालाल यादव, गोकुल प्रसाद मालाकार, अशोक चौहान, संतोष दुबे, प्रेमलाल सहित अन्य लोगों ने बताया कि अब तक हाईवे की दशा ठीक नहीं कराई गई। इससे इस हाईवे के पचोर से करनवास तक 13 किमी हिस्से में व करनवास से ब्यावरा तब 17 किमी हिस्से में गहरे-गहरे गड्ढे हो गए हैं। इनकी मरम्मत तक नहीं कराई गई।
काम चल रहा है
॥काम में देरी हुई है यह बात यही है, लेकिन कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा हाईवे की मरम्मत की जा रही है। जल्द ही पचोर से ब्यावरा तक हाईवे के खराब हिस्से ठीक हो जाएंगे।
-सुनील पॉल, अधिकारी हाईवे अथॉरिटी शाजापुर