- Hindi News
- २१ दिन में १७ हजार मरीजों को मिली इलाज की सुविधा
२१ दिन में १७ हजार मरीजों को मिली इलाज की सुविधा
कार्यालय संवाददाता - ब्यावरा
स्टेशन पर लाइफ लाइन ट्रेन में निशुल्क उपचार सेवा का समापन मंगलवार को हो गया। इस कैंप में १७ हजार मरीजों का इलाज हुआ। अगले वर्ष फिर यह ट्रेन निशुल्क उपचार सेवाएं देने आएगी। समापन के मौके पर अतिथियों ने मिरगी रोगियों को निशुल्क दवाएं सहित कान के रोगियों को मशीनें प्रदान की। उपचार कैंप आयोजन समिति के अध्यक्ष व सांसद नारायण सिंह आमलाबे ने सहयोग देने वाली सभी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया। समारोह में भाजपा जिला अध्यक्ष रघुनंदन शर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष रामचंद्र दांगी, विधायक नारायणसिंह पंवार आदि मौजूद थे। इंपैक्ट इंडिया फाउंडेशन व एक्सप्रेस ट्रेन के सीओ डॉ. रजनीश गौड़ ने कहा कि लाइफ लाइफ ट्रेन के सफर में यह पहला मौका है जब किसी एक ही शहर में लगातार तीन उपचार कैंप आयोजित हुए हैं। समारोह में पूर्व विधायक बलरामसिंह गुर्जर, जिला पंचायत अध्यक्ष सुमित्रा भिलाला, सीएमओ इकरार अहमद, जिला उप स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डीसी वर्मा सहित इस उपचार कैंप में सहयोग देने वाली सभी संस्थाओं के सदस्य मौजूद थे।
अगले वर्ष फिर मिलेंगी उपचार सेवा
खास बात यह है कि यह ट्रेन २०१५ में फिर स्टेशन पर आएगी। आयोजन समिति के सदस्य रामचंद्र दांगी ने बताया कि वे मिरगी रोगी जिनका उपचार इस ट्रेन में किया गया है। उनका प्रति दो माह में चेकअप कराने के बाद दवाएं दी जाएंगी ताकि वह पूर्ण रूप से स्वस्थ हो सकें।