- Hindi News
- बाल मंत्रिमंडल ने स्कूल के लिए मांगी सड़क
बाल मंत्रिमंडल ने स्कूल के लिए मांगी सड़क
कार्यालय संवाददाता - राजगढ़
सर हमारे गांव से स्कूल तक की एप्रोच रोड खराब है। इसे जल्द से जल्द बनवा दें ताकि बारिश के दिनों में परेशानी न हो। यह मांग कलेक्टोरेट पहुंचे बाल संसद के सदस्य व पदाधिकारियों ने प्रभारी कलेक्टर से की।
मंगलवार को नजदीक के उदपुरिया गांव की बाल संसद के पदाधिकारी व सदस्य और प्राइमरी स्कूल के विद्यार्थी कलेक्टोरेट कार्यालय पहुंचे। इनमें शामिल संसद के प्रधानमंत्री कृष्णपाल सिंह, सभापति मनीषा चौहान, स्वास्थ मंत्री ललित कुमार सहित अन्य मंत्री मंडल सदस्य पवन, देवराज लक्ष्मी, पूजा आदि ने प्रभारी कलेक्टर को अपनी समस्या बताई। इसके साथ ही उन्होंने एक पत्र भी बाल संसद की ओर से कलेक्टर को सौंपा। इसमें कहा गया कि उदपुरिया गांव से प्राथमिक स्कूल तक जाने के लिए सड़क नहीं है।
इसके कारण गांव के बच्चे बारिश सहित अन्य दिनों में बड़ी मुश्किलों का सामना करते हुए स्कूल जाते हैं। कई विद्यार्थियों ने तो इसी समस्या के कारण स्कूल तक छोड़ दिया है। बाल संसद ने अपने पत्र में यह भी बताया कि उन्होंने स्कूल प्रशासन सहित अपने वरिष्ठजनों को इस परेशानी के बारे में कई बार बताया है। लेकिन अब तक सड़क नहीं बनने से उनकी यह दिक्कत जस की तस बनी हुई है। इनका कहना था कि ग्राम पंचायत कलीखेड़ा के पदाधिकारियों व सचिव को भी इस बारे में उन्होंने कई बार अवगत कराया। मगर अब तक कोई नतीजा नहीं निकला है। उन्होंने प्रभारी कलेक्टर से जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की।
॥इस मामले में आवेदन आया है। हम संबंधित जनपद पंचायत के अधिकारियों को सड़क निर्माण में आ रही दिक्कतें दूर करने के लिए कह रहे हैं। इसे विद्यार्थियों की सुविधा के लिए जल्द ही बनाया जाएगा।
-इलैया राजा टी, प्रभारी कलेक्टर राजगढ़
स्कूल के विद्यार्थियों ने जिला पंचायत सीईओ को आवेदन देकर बताई समस्या, कहा कई बच्चों ने छोड़ी पढ़ाई