- Hindi News
- फिल्टर प्लांट की जमीन पर दुकानें बनाने पर आपत्ति
फिल्टर प्लांट की जमीन पर दुकानें बनाने पर आपत्ति
कार्यालय संवाददाता - राजगढ़
शहर के मुख्य मार्ग पर वॉटर बॉक्स व फिल्टर प्लांट की जमीन पर नगर पालिका दुकानों का निर्माण करा रही है। अधिक राजस्व और मुनाफा कमाने के लिए किए जा रहे इस निर्माण का कई नागरिकों ने विरोध शुरू कर दिया है। इनका कहना है कि दुकानें बनने से जहां मुख्य मार्ग संकरा हो जाएगा वहीं पीएचई कॉलोनी में रहने वाले परिवारों की परेशानी भी बढ़ जाएगी।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के फिल्टर प्लांट को विभाग ने दस साल पहले नपा के हैंडओवर किया था। इस प्लांट के आसपास पीएचई विभाग की कॉलोनी है। इसमें कई विभागीय कर्मचारी रहते हैं। इन सरकारी क्वार्टरों के आगे बनी बाउंड्री लाइन से सटा कर नगर पालिका दुकानें बनाने जा रही है।
नपा परिषद द्वारा राजस्व के लालच में किए जा रहे इस निर्माण का कई नागरिकों ने विरोध किया है। इनका कहना है कि इस निर्माण से रोड संकरी हो जाएगी। दुकानदारों के अतिक्रमण से बचा शेष मुख्य मार्ग भी चपेट में आ जाएगा। इससे शहर में प्रवेश का रास्ता भी नहीं बचेगा।
जगदीश चंद्र पोली, घीसालाल पंवार, होतम सिंह आदि का तर्क यह भी है कि पीएचई ने जो जमीन नगर पालिका के हैंडओवर की थी उसका उपयोग नागरिकों को शुद्ध जल उपलब्ध कराने और अन्य गतिविधियों के संचालन के लिए था। इसलिए यहां किसी तरह का व्यावसायिक परिसर निर्माण करना अवैध होगा।
आवासीय कॉलोनी के लिए रास्ता नहीं बचेगा
यहां रहने वाले रमेश थनेरा, रमेश महावार, मोहन भिलाला, सीताराम ने बताया कि इन दुकानों के बन जाने से पीछे बने सरकारी क्वार्टरों में आने-जाने का रास्ता बहुत संकरा हो जाएगा। बड़े वाहन तो क्या कर्मचारी अपने दो पहिया वाहन भी यहां नहीं रख सकेंगे। इनके मुताबिक उन्होंने नपा प्रशासन से शिकायत की है लेकिन वह समस्या सुनने को तैयार ही नहीं हैं।
काटे जाएंगे पेड़
नपा इन दुकानों का निर्माण कराएगी तो परिसर में लगे पुराने पेड़ भी काटने होंगे। साथ ही ऊपर से गुजर रही हाई टेंशन लाइन भी व्यावसायिक परिसर के लिए कभी भी खतरा पैदा कर सकती है।
॥दुकान निर्माण का फैसला परिषद ने लिया है। इसका कोई विरोध नहीं कर रहा है। मेरे पास इस बारे में किसी तरह की शिकायत नहीं आई है।
-आरपी नायक, सीएमओ नपा राजगढ़