- Hindi News
- ६२ अवैध ट्रांसफार्मर पकड़े ३ बिजली अधिकारी सस्पेंड
६२ अवैध ट्रांसफार्मर पकड़े ३ बिजली अधिकारी सस्पेंड
कार्यालय संवाददाता - राजगढ़
बिजली कंपनी के अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा अवैध ट्रांसफार्मर लगाकर हर महीने लाखों रुपए की वसूली करने का मामला उजागर हुआ है। वरिष्ठ अधिकारियों की जांच में अब तक 62 अवैध ट्रांसफार्मर सामने आ चुके हैं। इस घोटाले में तीन अधिकारियों को निलंबित कर दिया है जबकि दो ठेकेदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। इस मामले में एक दर्जन से ज्यादा कर्मचारियों के निलंबन के साथ संबंधित किसानों के खिलाफ भी चोरी के मामले दर्ज किए जाएंगे।
क्षेत्र में अवैध ट्रांसफार्मर रखवा कर अवैध वसूली करने के साथ ही लोगों को अनैतिक लाभ पहुंचाने के कई मामले ‘भास्कर’ ने पिछले दो सालों में उजागर किए हैं। इस बारे में कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों का ध्यान जाने के बाद सख्ती से जांच की गई। इस जांच में जिले में अधिकारियों-कर्मचारियों की सांठगांठ से ठेकेदार के साथ मिलकर अवैध ट्रांसफार्मर रखने का बड़ा मामला उजागर हुआ है। सैकड़ों किसानों से बिजली कंपनी के ठेकेदारों ने ट्रांसफार्मर,खंभे, तार सहित अन्य सामग्री की लागत तो वसूली लेकिन कंपनी में टैक्स जमा नहीं कराया। जबकि अधिकारियों व कर्मचारियों की मदद से इन अवैध ट्रांसफार्मरों के जरिए बिजली सप्लाई भी शुरू कर दी गई। इससे हर महीने कंपनी को लाखों रुपए का नुकसान हो रहा है। फिलहाल हुई पड़ताल में 62 ट्रांसफार्मर अवैध मिले हैं।
ब्यावराकलां। कछोटिया गांव में लगे ऐसे ही अवैध ट्रांसफार्मर, जिन्हें बिजली कंपनी ने पकड़ा है।
दो ठेकेदारों पर एफआईआर
अवैध ट्रांसफार्मर मामले में किसानों से राशि वसूलने के बावजूद बिजली कंपनी में टैक्स जमा नहीं कराने वाले दो ठेकेदारों के खिलाफ कंपनी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। बिजली ठेकेदार नवलसिंह राजपूत के खिलाफ खिलचीपुर थाने में धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का मामला दर्ज कराया गया है जबकि ठेकेदार महेश गुर्जर के खिलाफ मलावर और सुठालिया थानों में मामले दर्ज कराए गए हैं।
एक दर्जन से ज्यादा का हो सकता है निलंबन
कंपनी के जीएम आरके शर्मा ने बताया कि अवैध ट्रांसफार्मर मामले में अभी जांच जारी है। इसमें एक दर्जन से ज्यादा मैदानी कर्मचारी शामिल हैं। इनके खिलाफ निलंबन सहित अन्य कार्रवाई की जाएगी। श्री शर्मा ने बताया कि अब भी कंपनी जिलेभर में रखे ऐसे अन्य अवैध ट्रांसफार्मरों की पड़ताल कर रही है।
किसानों पर भी बिजली चोरी का प्रकरण बनेगा
कंपनी का कहना है कि इस मामले में संबंधित किसान भी जिम्मेदार हैं इसलिए जिन किसानों को इन ट्रांसफार्मरों से अवैध फायदा पहुंचा है उन पर भी बिजली चोरी के प्रकरण दर्ज किए जाएंगे।
॥दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की है। दोषी कर्मचारियों और किसानों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। अभी भी अवैध ट्रांसफार्मरों की पड़ताल जारी है।
-आरके शर्मा, जीएम बिजली कंपनी राजगढ़
अवैध ट्रांसफार्मर रखे जाने के मामले में कंपनी ने खिलचीपुर के असिस्टेंट इंजीनियर राहुल ठाकरे, सारंगपुर के जूनियर इंजीनियर संदीप नामदेव और पाड़ल्यामाता के लाइन इंस्पेक्टर कंवर लाल चौहान को निलंबित किया है। इस मामले में संदिग्ध भूमिका के चलते ब्यावरा क्षेत्र के एई उमेश प्रताप सिंह को भी कंपनी ने आरोप पत्र थमाया है। इसमें अवैध ट्रांसफार्मर लगाए जाने के दौरान उनकी भूमिका व कार्रवाई के स्तर के बारे में पूछा है। एई श्री सिंह का जवाब अगर संतोषजनक नहीं हुआ तो इनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।
खिलचीपुर के कछोटिया और बड़बेली गांव में पांच ट्रांसफार्मर अवैध रूप से लगे मिले हैं। जबकि सुठालिया के तोड़ी गांव में 45 ट्रांसफार्मर, पाड़ल्यामाता गांव में नौ और मलावर कस्बे के तहत तीन ट्रांसफार्मर अवैध रूप से चलते पाए गए हैं। इन ट्रांसफार्मरों की राशि ठेकेदारों ने वसूल ली है लेकिन विभाग में जमा नहीं कराई। यह राशि विभाग के रिकॉर्ड में ही नहीं है इस कारण इन ट्रांसफार्मरों के जरिए सप्लाई की जा रही बिजली का कोई बिल नहीं आ रहा। इस तरह के नुकसान का खामियाजा कंपनी दूसरे उपभोक्ताओं को ज्यादा या एवरेज के नाम पर अनाप शनाप बिल देकर पूरा करती है।
हालात
१2
से ज्यादा कर्मचारियों पर कार्रवाई
02
ठेकेदारों पर मामला दर्ज
किसानों के खिलाफ भी दर्ज होंगे मामले
इनके खिलाफ हुई कार्रवाई
यहां से मिले अवैध ट्रांसफार्मर