दो सब स्टेशन खुलते ही खत्म होगी समस्या
कार्यालय संवाददाता - ब्यावरा
बिजली कंपनी ने नगर और ग्रामीण क्षेत्र को पूरे वोल्टेज के साथ सुरक्षित बिजली देने के लिए दो अतिरिक्त बिजली सब स्टेशन स्थापित करने का निर्णय लिया है। तीन करोड़ की लागत के इस प्रोजेक्ट के प्रारंभिक चरण में क्षेत्र के गांव हासरौद में सब स्टेशन स्थापित किया जाएगा। इसी के साथ नरसिंहगढ़ रोड के पास गांव खजूरिया में भी सब स्टेशन स्थापित करने का प्रपोजल तैयार किया जा चुका है।
बारह स्टेशन पर बिजली लोड: फिलहाल बिजली कंपनी बारह सब स्टेशन की मदद से बिजली दे रही है। इनमें ब्यावरा,भूरा, खुरी, दूधी, काचरी, चाठा, पगारी बंगला, जामी, सुठालिया, कानेड़, टोड़ी व सिलपटी गांव शामिल हैं। वर्तमान में इन सब स्टेशनों पर बिजली लोड अधिक है। इसीलिए नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में बार बार फॉल्ट के साथ वोल्टेज की समस्या आ रही है। इससे हजारों उपभोक्ता परेशान रहते हैं।
चौदह सब स्टेशन से होगी बिजली सप्लाई
बिजली का लोड बांटने के लिए कंपनी हासरौद व खजूरिया में सब स्टेशन स्थापित होने के बाद चौदह सब स्टेशन की मदद से बिजली उपलब्ध कराएगी। इसके लिए अधिकारियों ने तैयारियां शुरू कर दीं हैं। बिजली कंपनी ने इस काम की जिम्मेदारी भोपाल की एक निजी कंपनी को भी सौंप दी है। यह कंपनी जल्द ही अपना काम शुरू करेगी।
हजारों को यह होगा फायदा
॥अतिरिक्त सब स्टेशन स्थापित होने के बाद बिजली के वोल्टेज, बार-बार होने वाले फॉल्ट जैसी समस्याओं से निजात मिलेगी। इसी के साथ घंटों गुल रहने वाली बिजली की समस्या भी दूर हो जाएगी।
सुविधा के लिए पहल
॥हजारों उपभोक्ताओं को बिजली देने के लिए दो अतिरिक्त सब स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। इनकी मदद से लोगों की बिजली से संबंधित शिकायतें दूर हो जाएंगी।
-कैलाश चौधरी, अभियंता ग्रामीण बिजली वितरण कंपनी ब्यावरा
बिजली कंपनी तीन करोड़ की लागत से हासरौद व खजूरिया में स्थापित करेगी बिजली सब स्टेशन