- Hindi News
- चार माह में सुधरी, चार दिन चली और फिर बंद हो गई एटीपी
चार माह में सुधरी, चार दिन चली और फिर बंद हो गई एटीपी
भास्कर संवाददाता - दमोह
शहरी एवं ग्रामीण उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए बिजली विभाग द्वारा पिछले एक वर्ष पहले शहर के जबलपुर नाका एवं किल्लाई नाका स्थित बिजली कार्यालय में १८ लाख रुपए खर्च कर एटीपी ((एनी टाइम पेमेंट मशीन)) लगाई हैं, लेकिन इनमें आए दिन खराबी रहने से इसका लाभ उपभोक्ताओं को नहीं मिल पा रहा है।
शहर के जबलपुर नाका स्थित कार्यालय में लगाई गई एटीपी मशीन पिछले चार माह से बंद पड़ी थी। जिसे हाल ही में सुधारा गया, लेकिन चार दिन चलने के बाद यह मशीन फिर से बंद हो गई। जिससे ग्रामीण एवं शहरी उपभोक्ताओं को बिल जमा करने लंबी-लंबी लाइनों में खड़ा होना
पड़ रहा है। उपभोक्ताओं का कहना है कि एटीपी मशीन
को ऑपरेट करने वाले कर्मचारियों को पर्याप्त जानकारी न होने के कारण इन मशीनों में आए दिन खराबी हो जाती है।
तीन किमी का लगा रहे चक्कर
एटीपी मशीन का उपभोक्ताओं को सबसे बड़ा लाभ यह रहता है कि इससे शहरी एवं ग्रामीण दोनों जगह के उपभोक्ताओं के बिल जमा हो जाते हैं। लेकिन जबलपुर नाका स्थित एटीपी मशीन पिछले चार माह से बंद होने के कारण यहां के लोगों को मजबूरी मेंं तीन किमी दूर किल्लाई नाका जाना पड़ता है। इस संबंध में जबलपुर नाका निवासी दीपक जैन, निरंजन तिवारी ने बताया कि एटीपी मशीन बंद होने के कारण उन्हें किल्लाई नाका स्थित बिजली कार्यालय जाना पड़ता है।
शीघ्र सुधारी जाएगी मशीन
॥ मुझे एटीपी मशीन बंद होने के बारे में जानकारी नहीं है। अधिकारियों से जानकारी लेकर शीघ्र ही इसे सुधरवाने का प्रयास किया जाएगा। जो भी तकनीकी खराबी है उसे जल्द सुधारा जाएगा। ॥आनंद सिंह, अधीक्षण यंत्री बिजली कंपनी