खुरई कृषि मंडी अनिश्चितकाल के लिए बंद
निज संवाददाता - खुरई
खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम के विरोध में कृषि उपज मंडी बुधवार शाम से अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दी गई है। व्यापारियों ने मंडी अधिकारियों को नीलामी में हिस्सा न लेने का अल्टीमेटम दिया है।
व्यापारी संघ के अध्यक्ष विजय गुरहा ने बताया कि दलहन, तिलहन, अनाज व्यापारी महासंघ के आव्हान पर व्यापारियों ने अधिनियम के विरोध में नीलामी में हिस्सा न लेने का अल्टीमेटम दिया है जिससे किसानों को सूचना दी जा सके और वह परेशान न हों। व्यापारी इस अधिनियम से कृषि उपज मंडी के व्यापारियों को मुक्त किए जाने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा व्यापारी, किसानों से अनाज खरीदते हैं जिसमें कई प्रकार की कमी होती है। अगर मानक, अमानक का अधिनियम लागू हो गया तो किसान परेशान हो जाएंगे। उन्होंने कहा जब तक मांग पूरी नहीं होती व्यापारी मंडी में दुकानें नहीं खोलेंगे। मंडी एसआई कमलेश सोनकर ने बताया कि व्यापारियों द्वारा अधिनियम के विरोध में नीलामी में हिस्सा न लेने का अल्टीमेटम दिया है। किसानों को मंडी बंद होने के बारे में सूचना भेजी जा रही है।