जमीन के मालिकों को मिला मुआवजा
दमोह. लोक निर्माण विभाग द्वारा जिले में बनाई जा रहीं दो सड़कों के बीच में आने वाली निजी जमीन के मालिकों को मुआवजा दे दिया गया है, इससे सड़क निर्माण की राह से रोड़ा दूर हो गया है। जिले के गैसाबाद से अगनवारा-बलेह-रनेह तक के २३.५ किमी लंबे मार्ग का निर्माण ९ करोड़, ९२ लाख २४ हजार रुपए की लागत से किया जाना है। यह मार्ग 13 किमी तक बनकर तैयार भी हो गया था, लेकिन इस मार्ग के बीच में 10 किसानों की निजी जमीन आ जाने के कारण काम रुक गया था। विभाग के ईई अनिल कुमार सिंह ने बताया कि सभी किसानों को 9 लाख 32 हजार 20 रुपए का अवार्ड पारित कर मुआवजा दे दिया गया है। इसी तरह हरदुआ से गर्रेह-बासन तक का 7 किमी मार्ग भी दो किसानों की निजी जमीन बीच में आने से अटका था। लंबित मामले को भी निराकृत कर दिया गया है। दोनों किसानों को 59 हजार 184 रुपए का मुआवजा दे दिया गया है। ढाई करोड़ से बनने वाली इस सड़क का निर्माण अब जल्दी पूरा हो जाएगा।
बार-बार कट रही टेलीफोन केबल
हटा. दमोह पन्ना सड़क निर्माण के कारण आए दिन टेलीफोन की केबल कट रही है। जिसके कारण बीएसएनएल के उपभोक्ता परेशान हो रहे हैं। कई मोबाइल उपभोक्ताओं ने तो अपनी सिम कोड करा ली है। मनोज सेन बताया कि बार बार केबल कट जाने के कारण पूरा नेटवर्क फेल हो जाता है, जो बीएसएनएल के भरोसे रहते हैं उनके तो सारे कार्य प्रभावित हो जाते हंै। पं. हरिराम पांडे ने बताया कि आज कई सरकारी विभागों में बीएसएनएल के माध्यम से ही संपर्क किया जाता है। लेकिन केबल कटने एवं पुलियों के निर्माण में यह प्रभावित होते हंै। सोनू खान, रीतेश जोगी ने बताया कि दो वर्ष से सड़क निर्माण के दौरान कई बार टेलीफोन लाइन कटी, लेकिन बीएसएनएल विभाग के द्वारा सड़क निर्माण कंपनी के विरुद्ध कोई कार्रवाही नहीं की। गुरुवार को विभाग के कर्मचारी केबल में सुधार करते रहे।
यूनीकोड तकनीक का प्रयोग जरूरी
दमोह. शासकीय कामकाज में यूनीकोड तकनीक का प्रयोग अनिवार्य कर दिया गया है। अपर कलेक्टर एसके सेवले ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा शासकीय कामकाज में यूनीकोड तकनीक का प्रयोग अनिवार्य कर दिया गया है। जिसके संबंध में जिला स्तर पर यूनीकोड तकनीक का प्रशिक्षण २७ जनवरी को दोपहर २ बजे से कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने जिले के सभी विभाग प्रमुखों से कहा है कि अपने कार्यालय से कंप्यूटर ऑपरेटर, डाटा एंट्री आपरेटर, अन्य अधिकारी, कर्मचारी को उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने के लिए निर्देशित करें।
विधायक ने सुनी समस्याएं
तेंदूखेड़ा. जबेरा विधायक प्रताप सिंह लोधी ने ब्लॉक के अनेक ग्रामों का दौरा कर जनता की समस्याएं सुनीं। केवलारी वर्धघटी, बमनोदा, बिलतरा, समनापुर, कोडल, दरोली ग्रामों में पहुंचकर जनसंपर्क किया। खासतौर पर बमनोदा केवलारी में लोगों ने जल समस्या बताते हुए बंद पड़ी नल जल योजना चालू कराने के लिए कहा इसके अलावा बमनोदा एवं सारसबगली में हाई स्कूल खुलवाने की मांग की। जिस पर विधायक ने आश्वासन देते हुए कहा कि वे संबंधित अधिकारियों से बात कर नलजल योजना शीघ्र चालू कराने का प्रयास करता हूं। साथ ही हाईस्कूल के लिए जिला शिक्षा अधिकारियों से बात कर शासन को पत्र लिखता हूं।
ज्यादा बिजली बिल के विरोध में ज्ञापन सौंपा
नरसिंहगढ़ - घरेलू बिजली उपभोक्ताओं के पिछले तीन-चार माह से आ रहे मनमाने बिल एवं मीटर रीडिंग न होने के चलते उपभोक्ताओं को होने वाली परेशानियों को लेकर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को मुख्य कनिष्ठ अभियंता को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन सौंपने वालों में संतोष मोदी, सौरव सिर्करा, अनिल पाठक, विक्रम सिंह, मनु गुप्ता, जुगल नामदेव, योगेंद्र सिंह, अच्छेलाल सहित अनेक ग्रामवासी शामिल रहे।