- Hindi News
- बीना में बनेगा आईटी पार्क : भूपेंद्र सिंह
बीना में बनेगा आईटी पार्क : भूपेंद्र सिंह
कार्यालय संवाददाता - बीना
केबिनेट मंत्री बनने के बाद पहली बार शहर आए परिवहन एवं आईटी मंत्री भूपेंद्र सिंह ने शहर में आईटी पार्क बनाने की घोषणा की। उन्होंने बीना एवं खुरई क्षेत्र का जीएसआई सर्वे कराने, शहर में एक दिन आरटीओ को बुलाए जाने का आश्वासन भी दिया है। वह अटल मंच से एक नोट, एक वोट अभियान का शुभारंभ कर रहे थे।
परिवहन एवं आईटी मंत्री भूपेंद्र सिंह का सर्वोदय चौराहे पर आयोजित कार्यक्रम में विधायक महेश राय, मंडल अध्यक्ष मनोज शर्मा, शिवकुमार ठाकुर समेत अन्य नेताओं ने स्वागत किया। वह केबिनेट मंत्री बनने के बाद पहली बार बीना आए थे। विधायक ने मंत्री भूपेंद्र सिंह के समक्ष आरटीओ से जुड़ी परेशानियों का जिक्र करते हुए उप कार्यालय खोले जाने की मांग की। जिस पर मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि मैं केवल खुरई का ही नहीं, बल्कि महेश राय के साथ बीना का भी विधायक हूं। पहले सांसद रहते हुए कई मुद्दों को हमने लोकसभा में उठाया है, कई मांगों को पूरा कराया है। अब मंत्री होने के बाद कार्यों में गति आएगी। उन्होंने कहा कि खुरई एवं बीना क्षेत्र में सरकारी जमीनों, जल स्रोतों का पता लगाने के लिए जीएसआई ((जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया)) से सर्वे कराया जाएगा। आईटी क्षेत्र में रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। बीना औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित हो रहा है, इसलिए हम यहां आईटी पार्क बनवाएंगे। उन्होंने कहा कि सिविल अस्पताल में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज आते हैं इसलिए हम इसे सौ बिस्तर का अस्पताल बनाने की कोशिश करेंगे।
देश विकास के लिए जरूरी है एक-एक वोट- नेताजी सुभाषचंद्र बोस की जयंती से प्रदेश भर में शुरू हुए अभियान एक नोट-एक वोट का जिक्र करते हुए परिवहन मंत्री ने कहा कि जनता से ही चंदा लेकर इस बार भाजपा चुनाव लड़ेगी। एक नोट-एक वोट देश को बनाने के लिए जरूरी है। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर संपर्क करेंगे और नरेंद्र मोदी को देश का प्रधानमंत्री बनाने के लिए वोट देने की अपील करेंगे। भूपेंद्र सिंह ने भोपाल में चालक, परिचालकों की महापंचायत कराने, नई ग्रामीण परिवहन नीति लाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि परिवहन मंत्री होने के नाते मेरे समक्ष जो मांग रखी गई है, उसके लिए मैं विभागीय अधिकारियों को एक फरवरी से सप्ताह में एक दिन आरटीओ को बीना आने के लिए निर्देशित करूंगा। कार्यक्रम को लोकसभा प्रभारी संजय बापट, मनोज शर्मा, शिवकुमार ठाकुर ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर विजय हुरकट, भूपेंद्र सिंह, सुधीर टड़ैया, शैलेष शाह, जोधन सिंह, कुंवर सिंह, अमरप्रताप सिंह, अज्जू राय, संतोष सिंह, करोड़ी यादव, बीटू सराफ, राहुल समैया, राजेंद्र, राजा यादव, बदन सिंह आदि उपस्थित रहे।
------------------------------------------------------------------------------------------------