बारिश के कारण फाइनल रिहर्सल प्रभावित
भास्कर संवाददाता। दमोह
शुक्रवार की सुबह से हुई झमाझम बारिश ने गणतंत्र दिवस की तैयारियों पर पानी फेर दिया। 26 जनवरी को होने वाली परेड एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की फाइनल रिहर्सल बारिश के कारण कैंसिल हो गई। स्थानीय स्टेडियम मैदान में पानी भर गया।
सुबह स्कूली बच्चों सहित पुलिस, होमगार्ड की टुकडिय़ां मैदान में पहुंच गईं, लेकिन मैदान में पानी लबालब पानी भरा होने से रिहर्सल किए बिना उन्हें वापस लौटना पड़ा। पीडब्ल्यूडी के इंजीनियर, नगरपालिका अधिकारी सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने मैदान का जायजा लेते हुए व्यवस्थाएं सुधारने की पहल करते हुए मैदान के पानी को निकालने के लिए क्यारियां बनवाई। मौसम को देखते हुए मैदान में वाटर पूफ्र टेंट लगवाने की बात कही। शुक्रवार की सुबह करीब पांच बजे से शुरू हुई जो करीब साढ़े नौ बजे तक होती रही।
फसलों के सडऩे की आशंका
जिले में पिछले तीन चार दिनों से पानी गिर रहा वहीं ओलावृष्टि हुई थी इससे किसानों के खेतों में खड़ी गेहूं और चने की फसलों को नुकसान हुआ है। कई जगह गेहूं की फसल झुक गई और अब बारिश से खेतों में पानी भर गया है। इस स्थिति में फसल के सडऩे की आशंका बढ़ गई है। बालाकोट के किसान प्रहलाद, देवी सिंह, मोहन सिंह ने बताया कि पिछले दिनों हुई ओलावृष्टि से उनकी फसलें पूरी तरह से खेतों में बिछ गई थी। वहीं अब लगातार बारिश होने से उनकी फसलें पूरी तरह से खराब होने लगी है।
तापमान में उतार-चढ़ाव : बारिश की वजह से मौसम ठंडा हो गया है। दिन और रात के तापमान में कभी गिरावट तो कभी बढ़ोत्तरी दर्ज की जा रही है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 20.8 दर्ज हुआ तो न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री दर्ज किया गया। एक दिन पहले अधिकतम तापमान 19.5 तो न्यूनतम तापमान 10.4 था। बारिश और कोहरे से दिनभर शीत लहर चलने से लोग गर्म कपड़ों से ढंके नजर आए।
ज्यादा नुकसान नहीं
॥क्षेत्र में हो रही बारिश से ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है। बारिश फसलों के लिए नुकसान कम और लाभ ज्यादा पहुंचाएगी। कुछ जगह चने की फसलों में फूल आ रहे हैं। उन्हें नुकसान जरूर हुआ है। बारिश से सिंचाई का पानी बच गया। कहीं फसलें बिछ गई हैं। मौसम खुलने के बाद वह ठीक हो जाएगी। फिर भी मैदानी अमले को सर्वे के निर्देश दिए हैं। उसके बाद ही असल स्थिति का पता चलेगा। -नामदेव हेड़ाऊ, कृषि उपसंचालक, दमोह