हाइटेंशन लाइन टूटी, हादसा टला
भास्कर संवाददाता - दमोह
स्थानीय विवेकानंद नगर में शुक्रवार की दोपहर फाल्ट बनने से हाइटेंशन लाइन टूटकर सड़क पर गिर गई। गनीमत रही कि सड़क पर राहगीर नहीं होने से हादसा टल गया। लाइन टूटकर नागरिक आपूर्ति निगम कार्यालय के गेट पर गिरी। जिससे कार्यालय के कर्मचारी कुछ देर तक बाहर नहीं निकल पाए।
कार्यालय में पदस्थ उमा सोनी ने बताया कि दोपहर में करीब एक डेढ़ बजे जोर से आवाज आई। बाहर आकर देखा, तो लाइन में फाल्ट होने से तार टूटकर गिरा पड़ा था। उन्होंने विद्युत मंडल फोन लगाया। कई घंटे बाद कोई कर्मचारी नहीं आया। बीएस पटेरिया ने बताया कि उन्हें जरूरी काम से कलेक्टोरेट जाना था, लेकिन मेन गेट पर तार रखा होने से उनकी गाड़ी अंदर फंसकर रह गई। बाहर आने में करंट लगने का डर था। जिससे उनके साथ सभी कर्मचारी ऑफिस के अंदर बैठे रहे। कर्मचारियों के आने के बाद बिजली बंद की गई। इसके बाद वे बाहर निकल सके। संदीप जैन ने बताया कि मार्ग में यदि कोई राहगीर होता, तो गंभीर हादसा हो सकता था।