- Hindi News
- दक्षिण एक्सप्रेस के पेंट्री कार से गैस लीक
दक्षिण एक्सप्रेस के पेंट्री कार से गैस लीक
कार्यालय संवाददाता - बीना
हैदराबाद से निजामुद्दीन जा रही दक्षिण एक्सप्रेस के पेंट्री कार में गैस लीकेज हो गई। घटना की सूचना कंट्रोल रूम ने स्टेशन प्रबंधन को दी और शाम ७.२५ बजे ट्रेन आते ही कर्मचारियों ने पेंट्री कार को सील कर दिया।
निजामुद्दीन की ओर जा रही १२७२१ दक्षिण एक्सप्रेस शुक्रवार की शाम ७.२५ बजे जैसे ही प्लेटफॉर्म क्रमांक तीन पर आई रेलवे कर्मचारियों ने उसके पेंट्री कार क्रमांक एससी ०९८०२ को घेर लिया। डिप्टी एसएस एसएमएस सक्सेना, डिप्टी एसएस कमर्शियल सुशील पांडे, एसएसई सीएंडडब्ल्यू नवीन यादव, डीसीआई एमएल साहू समेत आरपीएफ स्टॉफ ने गैस लीकेज वाले प्वाइंट को चैक कर उसके बाथरूम में रखे पांच सिलेंडरों, गैस केबिन को सील कर दिया। इसके अलावा सुरक्षा की दृष्टि से सीएंडडब्ल्यू के टेक्नीशियन मुन्नालाल यादव को ट्रेन के साथ झांसी तक रवाना किया।
डिप्टी एसएस सुशील पांडे ने बताया कि कंट्रोल रूम से मैसेज आया था कि ट्रेन के पेंट्री कार से गैस लीकेज हो रही है इसलिए केबिन को सील कर दिया। पेंट्री कार ऑपरेट कर रही ऑटिक होटल कंपनी के मैनेजर रामअवतार सिंह ने बताया कि पेंट्री कार से गैस लीकेज जैसी आवाज हमें इटारसी आउटर पर आई थी। हमने कंट्रोल रूम मैसेज किया और भोपाल स्टेशन पर रेलवे अधिकारियों ने पेंट्री कार को चैक करने के बाद सप्लाई सिस्टम को बंद कर दिया था और बीना में उसे सील किया गया।
अब हम यात्रियों को क्या जवाब देंगे?
मैनेजर रामअवतार सिंह ने बताया कि हमने कंट्रोल रूम मैसेज कर मैकेनिक मांगा था, जिससे गैस लीकेज को बंद किया जा सके। लेकिन रेलवे ने केबिन लॉक कर गैस सप्लाई सिस्टम को ही बंद कर दिया। अब हम बीना से निजामुद्दीन तक रात्रि में यात्रियों को क्या जवाब देंगे? इसकी शिकायत उन्होंने रेलवे प्रबंधन से करने की बात कही।
बीना में हैदराबाद से निजामुद्दीन जा रही दक्षिण एक्सप्रेस के पेंट्री कार में शुक्रवार को गैस सप्लाई सिस्टम को सील कराते रेल अधिकारी।