- Hindi News
- लोकतंत्र का हिस्सा बनें, मतदाता कार्ड बनवाएं और वोट जरूर करें: कलेक्टर
लोकतंत्र का हिस्सा बनें, मतदाता कार्ड बनवाएं और वोट जरूर करें: कलेक्टर
भास्कर संवाददाता. दमोह
कलेक्टोरेट परिसर में राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया गया। जिसमें कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वतंत्र कुमार सिंह ने कहा कि हमारे देश की सांस्कृतिक और भाषाई विविधताओं के बावजूद भी एक लोकतांत्रिक राष्ट्र के रूप में पूरे विश्व में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।
उन्होंने जिले के 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी युवाओं से समृद्ध लोकतांत्रिक परंपराओं का हिस्सा बनने का आह्वान करते हुए कहा कि मतदान केंद्र में जाकर वोटर आईडी कार्ड बनवाएं और जब कभी भी मौका मिले, अपना वोट जरूर दें।
अपर कलेक्टर एसके सेवले ने भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त वीएस संपत्त के जनसंदेश का वाचन किया। इस मौके पर वाद-विवाद, निबंध, स्लोगन एवं चित्रकला स्पर्धाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में एडिशनल एसपी जीपी पाराशर, एसडीएम मनोज कुमार सिंह, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग अनिल सिंह, डिप्टी कलेक्टर केपी पांडे और सीपी पटेल सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और स्कूल बच्चे उपस्थित थे। आभार उप जिला निर्वाचन अधिकारी नंदा कुशरे ने माना। संचालन डॉ. आलोक सोनवलकर ने किया।