पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • ठंड से कराह रहीं महिलाएं, अलमारी में रखे कंबल

ठंड से कराह रहीं महिलाएं, अलमारी में रखे कंबल

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता. दमोह
जिला अस्पताल को प्राइवेट अस्पताल की तरह बनाने के लिए करोड़ों रुपए खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन अस्पताल में भर्ती मरीजों की सुविधाओं की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। वार्डों में भर्ती मरीजों को फटे गद्दों पर बिना कंबल-चादरों के लेटना पड़ रहा है। तेज ठंड के बावजूद मरीजों को कंबल और पलंग पर बिछाने के लिए चादर नहीं है। जिससे मरीज ठिठुर रहे हैं।
शहरी क्षेत्र के मरीज तो अपने घर से गर्म कपड़े लाकर ठंड से बचने की व्यवस्था कर लेते हैं, लेकिन गांवों से आने वाले मरीजों को ठिठुरते हुए रात काटना पड़ रही हैं। लोगों को किराए के कपड़ों से ठंड से बचाव के उपाय करना पड़ रहे हैं। हालांकि अस्पताल में कपड़ों की पर्याप्त व्यवस्था है। जिन्हें अलमारी में बंद करके रखा गया है।
जच्चा-बच्चा भी परेशान
शनिवार की दोपहर अस्पताल के डिलेवरी वार्ड में 40 से अधिक महिलाएं भर्ती थीं। यहां मौजूद किसी भी महिला को कंबल दिए गए थे और न ही चादर। महिलाएं बिना चादर के फटे गद्दों पर लेटी नजर आईं। ग्राम बटियागढ़ से आई सुमनबाई विश्वकर्मा ने बताया कि वह दो दिन से भर्ती है, लेकिन अस्पताल से कंबल और चादर नहीं दिया गया। जिससे उन्हें दमोह में ही अपने एक रिश्तेदार के यहां से कंबल मंगवाना पड़े। इसी तरह बांसा तारखेड़ा की संध्याबाई ने बताया कि रात्रि के समय अचानक पेट दर्द होने के कारण उन्हें जननी एक्सप्रेस से जिला अस्पताल लाया गया। इस दौरान उनके परिजन घर से गर्म कपड़े लाना भूल गए। जब अस्पताल में डिलेवरी हो गई तो यहां कंबल नहीं दिया गया। नर्स से कंबल मंगाया तो उसने कहा कि स्टॉक में नहीं है। जिससे उन्हें चादर से ठिठुरते हुए रात काटना पड़ी। इसी तरह ग्राम बिलाई की वर्षा प्रजापति, पथरिया की सुमन पटेल, हरिबाई, दमोह की कविता बाई ने बताया कि कंबल नहीं मिलने के कारण उन्हें अपने परिचितों से गर्म कपड़ों की व्यवस्था करना पड़ी।
पर्याप्त स्टॉक के बाद भी परेशानी
जानकारी के अनुसार जिला अस्पताल में पर्याप्त संख्या में कंबल एवं चादर हैं। फिर मरीजों को नहीं दिया जाता। जब भी कोई मरीज कंबल या चादर की मांग स्टाफ नर्स से करता है तो स्टॉक में कंबल व चादर न होना का बहाना कर दिया जाता है। जबकि नर्स स्टाफ रूम की अलमारी में पर्याप्त संख्या में कंबल व चादर रखे हुए थे। एक मरीज के परिजन सुदामा रजक ने बताया कि जब उन्होंने अलमारी में कंबल रखे होने की बात की तो नर्सों ने डांटकर भगा दिया और कहा कि स्वयं ही कंबल की व्यवस्था करो। यहां से कुछ नहीं मिलेगा। इसके अलावा उनके शिशु के लिए भी गर्म कपड़े देने से मना कर दिया।
अस्पताल में स्टॉक पर्याप्त
॥अस्पताल में पर्याप्त संख्या में कंबल एवं चादर उपलब्ध हैं। मरीजों को क्यों नहीं दिए जा रहे इसकी जानकारी लेता हूं। -डॉ. आरके श्रीवास्तव, सिविल सर्जन
मैं दिखवाता हूं
॥अस्पताल में भर्ती प्रसूताओं को कंबल, चादर उपलब्ध नहीं कराना लापरवाही है। मैं तत्काल ही सीएमएचओ को व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश देता हूं। मरीजों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।-स्वतंत्र कुमार सिंह, कलेक्टर