भंडारे के साथ महोत्सव का समापन
भास्कर संवाददाता - टीकमगढ़
शहर के श्रीकाल भैरव मंदिर में चल रहे अंगराज महोत्सव का रविवार को समापन हो गया। कार्यक्रम के समापन पर यज्ञ में आहुतियां डालकर पूर्णाहुति दी गई। शाम 4 बजे से मंदिर परिसर में नगर भोज का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने श्री भैरव प्रतिमा के दर्शन कर प्रसाद गृहण किया।
मंदिर के पुजारी रवि पालेकर महाराज ने बताया कि 16 से 26 जनवरी तक अंगराज महोत्सव का आयोजन किया गया। इसमें 4 दिन श्रीकाल भैरव प्रतिमा का अंगराज किया गया। इसके बाद 3 दिन महाअभिषेक हुआ। इस दौरान मंदिर परिसर में दोपहर के समय अयोध्या से पधारे संत श्रीराघवदास जी महाराज ने श्रीमद भागवत कथा सुनाई। 25 जनवरी के मंदिर परिसर में यज्ञ का आयोजन कर हवन पूजन किया गया। 26 जनवरी को महोत्सव के समापन पर नगर भोज रखा गया। रविवार को शाम के समय श्रीकाल भैरव प्रतिमा का दिव्य श्रृंगार किया गया। बड़ी संख्या में लोग प्रतिमा के दर्शन करने मंदिर पहुंचे। श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में चल रहे भंडारे में प्रसाद गृहण किया। इसके पहले शनिवार को मंदिर परिसर में सुंदरकांड का पाठ हुआ। संगीतमय कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। मंदिर के पुजारी श्री पालेकर महाराज ने बताया कि 22 सालों बाद श्रीभैरव प्रतिमा का अंगराज महोत्सव हुआ है। अब 3 फरवरी को मंदिर समिति के सदस्य अंगराज विसर्जन करने अयोध्या धाम जाएंगे।