न्यूनतम तापमान में फिर गिरावट
भास्कर संवाददाता - दमोह
जिले सहित शहर में ठंड का असर लगातार जारी है। पिछले एक सप्ताह के दौरान हर दिन मौसम का मिजाज बदल रहा है। एक बार पुन: रात के तापमान में गिरावट दर्ज हुई है। जहां रविवार को न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री दर्ज हुआ था वहीं सोमवार को न्यूनतम तापमान गिरकर 3.5 डिग्री पर आ पहुंचा। वहीं दिन का तापमान स्थिर बना हुआ है। सोमवार को सुबह से घना कोहरा छाया रहा। सुबह करीब दस बजे सूरज के दर्शन हुए। जिसके बाद लोगों को ठंड से राहत मिली। सूरज ढलते ही शाम को पुन: कोहरे की धुंध छा गई।
हालांकि शीत लहर के कारण लोग दिनभर गर्म कपड़ों का सहारा लेते नजर आए। वहीं रविवार को घने कोहरे के बीच सांस्कृतिक कार्यक्रम संपन्न हुए। गौरतलब हो कि पिछले एक सप्ताह के दौरान बारिश होने के साथ तीन दिनों तक सूरज नहीं निकले के कारण लोग काफी परेशान रहे। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आगामी दिनों में आसमान से बादल छाए रहने की संभावना है जिससे ठंड का असर कुछ दिनों तक और जारी रह सकता है।