लोग बोले- इस महीने सरकारी राशन नहीं मिला
भास्कर संवाददाता - दमोह
कलेक्टोरेट सभाकक्ष में मंगलवार को जनसुनवाई कार्यक्रम में शहर व जिले के करीब आधा सैकड़ों आवेदनों पर सुनाई की गई। सुबह ११ से दोपहर १ बजे तक होने वाली साप्ताहिक जनसुनवाई में लोगों ने कलेक्टर स्वतंत्र कुमार सिंह के साथ अपर कलेक्टर एसके सेवले, जिला पंचायत सीईओ जेसी जटिया को अपनी समस्याएं सुनाते हुए समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर आवेदन दिए।कुछ आवेदनों पर तत्काल सुनवाई करते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
कई गांव के लोग राशन बनवाने की मांग लेकर आए
जनसुनाई में सबसे ज्यादा भीड़ राशन बनवाने वालो की रही। यहां अर्थखेड़ा, ग्वारी, सड़क हरदुआ के अलावा अन्य गांवों के सैकड़ों लोग संयुक्त रूप से आवेदन लेकर पहुंचे। जिसमें सभी की एक ही मांग थी कि उनका बीपीएल कार्ड बनवाया जाए।ग्वारी से आए प्रेमलाल रजक, मुन्नीबाई, सरोज, परमलाल, लालजी अहिरवाल, जग्गु आदिवासी, प्रेमलाल अहिरवाल, लल्लू, जगदीश ने बताया कि उनके गांव में लोगों को जो राशनकार्ड बने थे वे रिजेक्ट हो गए हैं और जो नया सर्वे कार्य हुआ है उसमें उनके नाम नहीं आए हैं जिससे उन्हें पिछले दो-तीन महिने से खाद्यान्न नहीं मिल रहा है। सरपंच सचिव से कहने पर कहा जाता हैकि इसमें वे कुछ नहीं कर सकतें हैं। इसी प्रकार जबेरा ब्लाक के सड़क हरदुआ से आए लखन, जगराज, ईश्वर, तोडल, कम्मू, खिलान, भिम्मा अहिरवाल, कमल, नन्नेभाई, श्रीराम ने बताया कि उनके पुराने कार्डों पर अब सामग्री नहीं दी जा रही हैऔर नए कार्ड बनाए नहीं जा रहे हैं जिससे वे अपने पुराने कार्डों को लेकर यहां आए हैं और नए कार्ड बनाने की मांग आवेदन देकर की है।
दाईयों ने कहा हमें काम दिया जाए
जनसुनवाई में बटियागढ़ व पथरिया ब्लाक से आई दाईयों ने आवेदन देकर कहा कि उन्हें अपना पुराना काम दिया जाए।कमलरानी, सूरीबाई, छबरानी, दुर्गाबाइ्र, कुसमबाई, सुनीता ने बताया कि वे पहले गांव-गांव में डिलेवरी का काम कराती थीं लेकिन अब शासन द्वारा उनका यह काम भी छीन लिया गया है जिससे उनके परिवार का भरण पोषण नहीं हो रहा है। पहले उन्हें इस काम के बदले कुछ राशि मिलती थी लेकिन अब वह भी नहीं मिल रही है। उन्होंने पुन: पुराना काम दिए जाने की मांग की।
अनियमितताओं की शिकायत
तेंदूखेड़ा ब्लाक के माडऩखेड़ा ग्राम पंचायत में अनियमितताओं की शिकायत ग्रामीणों के द्वारा की गई है। ग्रामीणों के द्वारा दिए गए आवेदन में कहा गया है कि पंचायत में मजदूरों के खाते से डायरेक्ट रुपए मिलीभगत से निकाल लिए जाते हैं, मेटों को काम नहीं दिया जाता है, शौचालय भी आधे बने हैं, पंचायत में लाखों रुपए का गबन हुआ है जिसकी जांच हो, मजदूरों को उनका हक दिलाया जाए आदि मांगों को पूरा कराने की मांग की गईहै।
महिलाओं ने कहा गांव में शौचालय बनाए जाएं
पथरिया तहसील के देवरान से आई महिलाओं ने समग्र स्वच्छता अभियान अंतर्गत शौचालय बनाए जाने की मांग की है। जनसुनवाई में आई महिलाओं ने कहा कि उनके गांव में अभी तक शौचालयों का निर्माण नहीं कराया गया है जिससे गांव के लोग अभी भी खुले में निस्तार के लिए जाते हैं जिससे महिलाओं को परेशानी होती है। सभी ने शीघ्र ही गांव में शौचालय बनवाए जाने की मांग की है। इसके अलावा जनसुनवाई में शिक्षा, जमीन पर अवैध कब्जा, इलाज हेतु सहायता, विधवा पेंशन, विद्युत से संबंधित शिकायतें आई। जनसुनवाई में अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे