रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना लक्ष्य
टीकमगढ़। आरोह आजीविका विशेष परियोजना प्रशिक्षण केन्द्र पर रविवार को कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें रोजगार उन्मुखी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे बेरोजगार युवाओं को रोजगार के बेहत अवसर हासिल करने की नि:शुल्क जानकारी दी गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित जीपी शुक्ला ने कहा कि रोजगार के प्रति जागरूक होना बहुत जरूरी है। आरोह फाउंडेशन द्वारा बेरोजगार युवाओं को प्रशिक्षण देकर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे न सिर्फ युवा अपने काम में समर्पित रहेंगे बल्कि वे पूरी ईमानदारी से रोजगार से भी जुड़ेंगे। कार्यक्रम में एल्युमिनाई मीट का भी आयोजन किया गया। केंद्र प्रभारी मयंक वर्मा ने बताया कि एल्युमिनाई मीट का मुख्य उद्देश्य युवाओं को रोजगार की वास्तविक स्थिति से अवगत कराना है। इसके जरिए लाभार्थियों की ट्रैकिंग भी बेहतर तरीके से होती है। साथ ही उनको बेहतर रोजगार के अवसर के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। इस अवसर पर प्रशिक्षक अनूप शुक्ला एवं मोबलाइजर धीरेन्द्र बिलगैयां सहित संस्था के पूर्व छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
8 जिलों में चल रहा कार्यक्रम
आरोह आजीविका परियोजना के मोबलाईजर धीरेंद्र बिलगैंया ने बताया कि भारत सरकार द्वारा चलाई जा रही योजना बुंदेलखंड क्षेत्र के 8 जिलों में शुरू की गई है। इनमें झांसी, जालौन, हमीरपुर, ललितपुर, टीकमगढ़, छतरपुर, सागर और दमोह जिला शामिल हैं। कार्यक्रम के तहत 18 से 35 वर्ष के ग्रामीण बेरोजगार बीपीएल युवक.युवतियों को इस योजना के तहत नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है। युवाओं को कंप्यूटर, बीपीओ, टेलीसेल्स, हैंडलिंग, लॉजिस्टिक, ऑफिस असिसटेंट, रिटेल, हॉस्पिटेलिटी, मल्टी स्किल्स और सिलाई. कढ़ाई जैसे विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है।