जनसुनवाई में आई कब्जे की शिकायत
आरआई ने जांच दो साल पहले सौंपी जांच रिपोर्ट, फिर भी नहीं हुई कार्रवाई
भास्कर संवाददाता। टीकमगढ़
साहब, जनसुनवाई में शिकायत देने के बाद भी कोई नहीं सुन रहा है। पहले जमीन पर अवैध कब्जा करने की शिकायत दी थी, अब उस पर पक्का निर्माण कर लिया गया है, मगर अधिकारियों ने अब तक अतिक्रमण नहीं हटवाया है। यह शिकायत मंगलवार को राकेश लुकमान ने कलेक्टोरेट में जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों से की। उसने शिकायत में बताया कि शहर के मऊचुंगी रोड पर लोगों ने उसकी जमीन पर अवैध कब्जा कर पक्का निर्माण कर लिया है। इसकी शिकायत उसने जनसुनवाई की थी, अवैध कब्जा हटाने के लिए ज्ञापन भी सौंपा था। मगर कुछ नही हुआ।
जबकि मौके पर पहले लोगों ने सड़क किनारे चबूतरा बनाकर झोपड़ी बनाई। फिर धीरे-धीरे कच्चा निर्माण किया और अब लगातार पक्का निर्माण किया जा रहा है। पीडि़त ने बताया कि इसके पहले मामले की शिकायत जिला प्रशासन से की गई है। शिकायत के आधार पर वर्ष 2012 में नजूल विभाग के आरआई ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया था। उन्होंने एसडीएम न्यायालय के पत्र क्रमांक 116/जेटी/2011 के आधार पर मौका मुआयना कर रिपोर्ट एसडीएम को सौंप दी थी। जांच रिपोर्ट में कहा गया कि लोगों ने अवैध तरीके से चबूतरा, टीनशेड और पक्का निर्माण कर लिया है। आरआई ने नजरीनक्शा, ट्रेस नक्शा और पंचनामा बनाकर अग्रिम कार्रवाई के लिए रिपोर्ट 25 अपै्रल 2012 को एसडीएम कार्यालय में सौंप दी थी। लेकिन दो साल बाद भी अवैध कब्जा नहीं हटाया गया। मंगलवार को श्री लुकमान ने जनसुनवाई के दौरान एसडीएम एमएस मालवीय से मामले की शिकायत की है। जिसमें कहा गया है कि किशोरी बुनकर, बाबूलाल बुनकर, अर्जुन बुनकर और सीताराम बुनकर ने खसरा नंबर 631 और 632 पर अवैध निर्माण कर लिया है। मामले की शिकायत कई बार की जा चुकी है। जिसके आधार पर नजूल विभाग के आरआई ने रिर्पोट सौंप दी है। लेकिन दो साल बाद भी कब्जा नहीं हटाया जा रहा है। इस दौरान अतिक्रमणकारी लगातार पक्का निर्माण करते जा रहे हैं। उन्होंने कलेक्टर से अवैध अतिक्रमण हटाए जाने की मांग की है। इस संबंध में एसडीएम श्री मालवीय का कहना है कि जिन लोगों ने कब्जा किया है, उन्हें नोटिस जारी किए जाएंगे।
टीकमगढ़। मऊ चुंगी रोड के पास कतिपय लोगों ने अतिक्रमण कर लिया है।