- Hindi News
- शहर में मंदिरों के पास लगाए जा रहे कचरे के ढेर
शहर में मंदिरों के पास लगाए जा रहे कचरे के ढेर
भास्कर संवाददाता - दमोह
शहर के अनेक वार्ड ऐसे हैं जहां मंदिरों के पास कचरे के ढेर लगाए जा रहे हैं। नगर पालिका के द्वारा वार्डों में कचरा फेंक ने के लिए कंटेनरों की व्यवस्था नहीं कराई है। शहर के नया बाजार नंबर ५ बगिया मोहल्ला जाने वाले मार्ग पर पूर्व में कचरा फेंके जाने वाले स्थान पर लोगों द्वारा शिव मंदिर का निर्माण कराया गया है, लेकिन अभी भी लोग यहां कचरा फेंक रहे हैं। इसी प्रकार शहर के फुटेरावार्ड नंबर दो में भी मंदिरों के बीच मार्ग में कचरा फेंका जा रहा है। यहां भी नपा ने कंटेनर नहीं रखवाया है। जिससे लोगों को निकलने में परेशानी होती है। शहर के नयाबाजार निवासी संदीप साहू, कैलाश, प्रिंस ने बताया कि उनके वार्ड में कचरा फेंकने वाले स्थान पर मंदिर का निर्माण हो गया है। इसके बाद भी लोग मंदिर के बाजू से कचरा डाल रहे हंै, जिससे लोगों को घरों में कचरा उड़कर पहुंचता है और पूरे मार्ग पर कचरा फैल जाता है। जिससे यहां से निकलने में भी परेशानी होती है। नगर पालिका के द्वारा यहां कंटेनर भी नहीं रखवाया है और न ही कोई दूसरा स्थान कचरा फेंकने के लिए निर्धारित किया गया है। फुटेरावार्ड निवासी मोनू श्रीवास्तव ने बताया कि लोग बीच सड़क पर ही कचरा डाल जाते हैं। जिससे दुकानदारों के अलावा मंदिरों में आने वाले श्रद्धालुओं को सबसे ज्यादा परेशानी होती है। पूरा कचरा उड़कर दुकानों में घुसता है वहीं मंदिरों में पहुंचने वाले भक्तों को गंदगी से होकर जाना पड़ता है। वार्डवासियों की मांग है यहां नपा द्वारा हर दिन सफाई कराई जाए और कंटेनर रखवाया जाए।
॥जैसे ही कंटेनर आते हैं वार्डों में रखवा दिए जाएंगे : लगभग १५ कंटेनरों को मंगाया गया है अभी कंटेनर नहीं है जैसे ही नए कंटेनर आते हैं वार्डों में रखवा दिए जाएंगे सफाई कराई जा रही है।॥ -सुधीर सिंह, नगर पालिका सीएमओ